spot_img
Homeफिल्मी खबरेंबड़े प्रोजेक्ट में भी असुरक्षा का एहसास, ‘कैनेडी’ पर बोलीं सनी लियोनी

बड़े प्रोजेक्ट में भी असुरक्षा का एहसास, ‘कैनेडी’ पर बोलीं सनी लियोनी

मुंबई (सं.भा.): मनोरंजन जगत में बड़े निर्देशकों के साथ काम करना जहां कलाकारों के लिए उपलब्धि माना जाता है, वहीं इसके साथ एक अनकहा दबाव भी जुड़ा रहता है। अभिनेत्री सनी लियोनी ने अपनी फिल्म कैनेडी को लेकर इसी मानसिक दबाव और असुरक्षा की भावना को खुलकर साझा किया है। सनी लियोनी ने बताया कि फिल्म का प्रस्ताव मिलने के बाद भी उन्हें लंबे समय तक यकीन नहीं हुआ कि वह वास्तव में इस परियोजना का हिस्सा हैं। उन्होंने कहा कि ट्रायल, वर्कशॉप और कई बैठकों के बावजूद उनके मन में लगातार यह आशंका बनी रही कि कहीं अंतिम समय पर उन्हें बदल न दिया जाए।

निर्देशक अनुराग कश्यप के निर्देशन में बनी इस फिल्म को 2023 में कान फिल्म फेस्टिवल में प्रदर्शित किया गया था, जहां इसे सराहना मिली। सनी के अनुसार, “इंडस्ट्री में फैसले बहुत तेजी से बदलते हैं। कई बार सब तय होने के बाद भी कलाकारों को रिप्लेस कर दिया जाता है। यही सोच मुझे अंदर ही अंदर परेशान करती रही।” उन्होंने कहा कि जब तक वह सेट पर पहुंचकर कैमरे के सामने पहला शॉट नहीं दे पाईं, तब तक उन्हें संतोष नहीं मिला। “पहला सीन पूरा होने और अगला सीन शुरू होने के बाद ही लगा कि अब शायद सब ठीक है,” सनी ने कहा।

फिल्म में सनी ‘चार्ली’ नाम की युवती की भूमिका निभा रही हैं। अपने किरदार के एक अहम दृश्य का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि यह सीन एक होटल रूम में फिल्माया गया, जहां चार्ली एक पुलिस अधिकारी का इंतजार करती है। “किरदार अंदर से डरा हुआ और असहज है, लेकिन बाहर से सामान्य दिखने की कोशिश करता है। बाथरूम से बाहर आकर चेहरे पर बनावटी मुस्कान लाना भावनात्मक रूप से चुनौतीपूर्ण था,” उन्होंने कहा।

सनी लियोनी का मानना है कि यह दृश्य वास्तविक जीवन की परिस्थितियों से जुड़ा है। “हम अक्सर ऐसे क्षणों से गुजरते हैं जब भीतर घबराहट या टूटन होती है, लेकिन परिस्थितियों के कारण मुस्कुराना पड़ता है। यही इस सीन की खासियत है,” उन्होंने जोड़ा। सनी लियोनी के इस बयान ने एक बार फिर फिल्म उद्योग में कलाकारों की असुरक्षाओं और मानसिक दबाव पर चर्चा को हवा दे दी है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com