spot_img
Homeपनवेलचलती लोकल से छात्रा को धक्का देने वाला आरोपी गिरफ्तार

चलती लोकल से छात्रा को धक्का देने वाला आरोपी गिरफ्तार

पनवेल (सं.भा.): मुंबई लोकल ट्रेनों में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। पनवेल–खांदेश्वर रेलवे खंड पर एक युवक द्वारा इंजीनियरिंग की छात्रा को चलती लोकल ट्रेन से धक्का देने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। घटना में छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक, न्यू पनवेल की रहने वाली 18 वर्षीय छात्रा अपनी सहेली के साथ कॉलेज जाने के लिए सीएसएमटी जाने वाली लोकल ट्रेन के महिला आरक्षित डिब्बे में सफर कर रही थी। इसी दौरान एक युवक जबरन लेडीज कोच में चढ़ गया। जब कोच में मौजूद महिलाओं ने इसका विरोध किया तो आरोपी ने अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए हंगामा शुरू कर दिया।
बताया जा रहा है कि ट्रेन के रफ्तार पकड़ते ही आरोपी ने दरवाजे के पास खड़ी छात्रा को अचानक पीछे से धक्का दे दिया। छात्रा संतुलन बिगड़ने से ट्रेन से नीचे गिर गई और रेलवे ट्रैक के पास लगे खंभे से टकराकर गंभीर रूप से घायल हो गई। उसके सिर समेत शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं।
घटना के बाद घायल छात्रा को पहले उपजिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए कलंबोली स्थित एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल उसका इलाज जारी है। छात्रा की पहचान के बाद पुलिस ने आरोपी शेख अख्तर नवाज को हिरासत में लेकर पूछताछ की और बाद में उसे गिरफ्तार कर लिया।
पनवेल रेलवे पुलिस ने पीड़िता के बयान के आधार पर आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com