spot_img
Homeफिल्मी खबरें‘धुरंधर’ में रणवीर सिंह की एक्टिंग ने जीता मुकेश खन्ना का दिल

‘धुरंधर’ में रणवीर सिंह की एक्टिंग ने जीता मुकेश खन्ना का दिल

मुंबई (सं.भा.) सुपरहीरो ‘शक्तिमान’ के किरदार को लेकर रणवीर सिंह को कभी नकार चुके अभिनेता मुकेश खन्ना अब उनकी अदाकारी के कायल नजर आ रहे हैं। आदित्य धर की स्पाई ड्रामा फिल्म ‘धुरंधर’ में रणवीर सिंह की दमदार परफॉर्मेंस की मुकेश खन्ना ने खुलकर सराहना की है।

मुकेश खन्ना ने अपने यूट्यूब चैनल पर जारी वीडियो में कहा कि भले ही उन्होंने रणवीर सिंह को ‘शक्तिमान’ के किरदार के लिए उपयुक्त नहीं माना था, लेकिन इसमें कोई दो राय नहीं कि रणवीर एक बेहतरीन अभिनेता हैं। उन्होंने कहा कि ‘धुरंधर’ में रणवीर की एनर्जी, जोश और आंखों के भाव फिल्म को अलग स्तर पर ले जाते हैं।

मुकेश खन्ना ने कहा कि रणवीर सिंह की स्क्रीन प्रेजेंस और किरदार में रवानगी साफ नजर आती है। उन्होंने यह भी दोहराया कि शक्तिमान को लेकर उनका फैसला किरदार की गरिमा और छवि को ध्यान में रखते हुए था, न कि रणवीर की अभिनय क्षमता पर सवाल था।

गौरतलब है कि 90 के दशक में शक्तिमान का किरदार निभाकर लोकप्रिय हुए मुकेश खन्ना के पास इस सुपरहीरो के अधिकार हैं। कुछ साल पहले शक्तिमान को बड़े पर्दे पर लाने की चर्चा के दौरान रणवीर सिंह का नाम सामने आया था, जिसे खन्ना ने उनकी ऑफ-स्क्रीन इमेज के चलते खारिज कर दिया था।

आदित्य धर निर्देशित ‘धुरंधर’ में रणवीर सिंह के साथ संजय दत्त, अक्षय खन्ना, अर्जुन रामपाल और सारा अर्जुन अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही है और कई बड़ी फिल्मों के रिकॉर्ड तोड़ चुकी है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com