खारघर (सं.भा.): हिंदी भाषा, साहित्य और सांस्कृतिक एकजुटता को मजबूत करने के उद्देश्य से खारघर में स्नेह मिलन एवं कवि सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में हास्य, व्यंग्य और भावनात्मक कविताओं के माध्यम से श्रोताओं को जहां खूब गुदगुदाया गया, वहीं सामाजिक एकता का सशक्त संदेश भी दिया गया।
हिंदी भाषी विकास महासंघ एवं पूर्वांचल ग्लोबल फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में यह आयोजन खारघर स्थित श्री राघवेन्द्र स्वामी मठ में संपन्न हुआ। कवि सम्मेलन में हास्य कवि सुरेश मिश्र, लाफ्टर चैंपियन फेम सुनील सावरा, योगेश मिश्र एवं सूरज त्रिपाठी ने अपनी धारदार हास्य–व्यंग कविताओं से श्रोताओं को ठहाकों से भर दिया।
कार्यक्रम के दौरान सुरेश मिश्र ने जहां अपने चुटीले अंदाज़ से श्रोताओं को हंसाया, वहीं उन्होंने ‘बेटी के नाम ख़त’ कविता का पाठ कर भावुक क्षण भी पैदा कर दिए, जिससे सभागार में कई श्रोताओं की आंखें नम हो गईं।
इस अवसर पर प्रतापगढ़ के पूर्व सांसद व उद्योगपति कुंवर हरिवंश सिंह, जौनपुर बदलापुर के विधायक रमेश मिश्र, प्रशांत ठाकुर एवं समाजसेवी विश्वनाथ दूबे ने भी अपने विचार व्यक्त किए। वक्ताओं ने हिंदी भाषियों एवं उत्तर भारतीय समाज की सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक एकजुटता पर विशेष जोर दिया।
कार्यक्रम में संस्था प्रमुख हेमंत सिंह, अमरीश सिंह एवं प्रमोद सिंह ने अतिथियों का सम्मान किया। सम्मान समारोह का संचालन वीरेंद्र तिवारी ने किया, जबकि कवि सम्मेलन का कुशल संचालन योगेश मिश्र ने किया।
समापन अवसर पर सभी वक्ताओं ने ऐसे साहित्यिक आयोजनों को समाज को जोड़ने वाला बताया और भविष्य में भी इस प्रकार के कार्यक्रम निरंतर आयोजित करने की आवश्यकता पर बल दिया।


