पूरे भारत में गर्मी का प्रकोप चरम पर है। भीषण लू की वजह से दिल्ली, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान समेत कई राज्यों के शहर भट्ठी जैसे बन गए हैं। दुनिया के 100 गर्म शहरों में से हमारे देश के 95 शहर इसकी चपेट में हैं। अधिकतर शहरों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है। सुबह आठ बजे के बाद घर से बाहर निकलना दूभर हो गया है। लोग घरों में दुबकने के लिए मजबूर हैं। प्रचंड गर्मी ने पूरे भारत की नींद उड़ा रखी है। अप्रैल में ही देश के कई जगहों पर पारा 40 डिग्री के पार चला गया है। वहीं, देश अभी से ही भीषण लू चलने लगी है, जिससे देश के कई शहर बेहद गर्म हो गए हैं। भारतीय मौसम विभाग ने हीटवेव यानी लू को लेकर चेतावनी जारी की है कि यह स्थिति उत्तर पश्चिम और मध्य भारत में अगले तीन दिनों तक बनी रहेगी। हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, पश्चिमी मध्य प्रदेश, विदर्भ क्षेत्र, बिहार और गुजरात में यही हालात बने रहने वाले हैं। झांसी, ओरछा और बालनगीर भारत के सबसे गर्म शहरों में से हैं। सोमवार दोपहर तक नई दिल्ली, अहमदाबाद और गुना का तापमान 40 डिग्री तक पहुंच गया था। वहीं, नागपुर का पारा 40 डिग्री तक चढ़ गया था। बाकी धनबाद, प्रयागराज का तापमान 40 डिग्री के करीब यानी 39 डिग्री तक पहुंच चुका है। दिन में ये तापमान और बढ़ना तय है। भीषण लू की वजह से मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा में कबूतरों की भी मरने की खबरें आ रही हैं। भीषण लू अभी और चलेगी। मौसम विभाग ने घर से कम निकलने की चेतावनी जारी की है। भारत में मौजूदा हीटवेब का असर उत्तरी, मध्य और पूर्वी क्षेत्र के बड़े हिस्से पर पड़ रहा है। उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र और ओडिशा में तापमान सामान्य से काफी ऊपर चला गया है। इन राज्यों के कई जिले तो भट्ठी की तरह बेहद गर्म हो गए हैं और तप रहे हैं। दरअसल, लू तभी चलती है, जब मैदानों में पारा 40 डिग्री के पार पहुंच जाता है। कई एक्सपर्ट ने घरों में रहने की सलाह दी है और खान-पान में तली-भुनी और मसालेदार चीजों से बचने की सलाह दी है। गर्मियों से बचने के लिए तरल पदार्थ लेने की सलाह दी गई है। भारतीय मौसम विभाग ने संकेत दिए है कि आने वाले दिनों में पूरे उत्तर पश्चिमी, मध्य और पूर्वी भारत में लू की स्थिति बनी रहेगी। बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओडिशा में भी तापमान ज्यादा बढ़ सकता है। मौसम विभाग की 27 अप्रैल, 2026 की बुलेटिन में साफ तौर पर कहा गया है कि सूखी उत्तर पश्चिमी हवाएं, साफ आसमान और कड़ी धूप की वजह से भारत में इस वक्त लू चल रही है। देश के कुछ हिस्सों में रात का तापमान भी काफी ज्यादा है, जिससे राहत की उम्मीद कम ही है। एक रिपोर्ट के अनुसार दुनिया के सबसे 100 गर्म शहरों में से 95 शहर भारत में ही हैं। इसमें मध्य भारत से होकर गंगा के मैदानों तक कई शहरों में तापमान 40 डिग्री तक पहुंच चुका है। वहीं, कहीं-कहीं यह 45 डिग्री के पास पहुंच सकता है। मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले के परासिया क्षेत्र में भीषण गर्मी और लू पशु-पक्षियों के लिए जानलेवा बनती जा रही है। बीते रविवार को दोपहर करीब साढ़े तीन बजे पेंचवेली स्कूल से भंडारिया जाने वाले मार्ग में सड़क पर कई कबूतर तड़पते हुए गिरे मिले। इनमें से कई कबूतरों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। छिंदवाड़ा में भी पारा 40 डिग्री के आसपास हो चुका है। ऐसे वक्त में इंसान के साथ-साथ पशु-पक्षियों में भी डिहाइड्रेशन हो जाता है, जिससे उनकी मौत हो जाती है।


