एकता कपूर के चर्चित सीरियल ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2’ में आने वाले एपिसोड्स दर्शकों को भावनाओं के भंवर में डालने वाले हैं। कहानी अब ऐसे मोड़ पर पहुंच चुकी है, जहां पुराने रिश्तों का दर्द फिर से सतह पर आने वाला है। तुलसी की ज़िंदगी में सुकून के पल ज्यादा देर टिकते नजर नहीं आ रहे और एक बार फिर उसकी भावनाओं की परीक्षा होने वाली है।
अब तक दर्शकों ने देखा कि लंबे समय बाद अपने बेटे से मिलकर तुलसी बेहद खुश है और अपने परिवार के साथ वक्त बिताने की कोशिश कर रही है। दूसरी ओर नॉयना अपने प्यार को पाने के लिए किसी भी हद तक जाने को तैयार है और मिहिर के करीब आने का कोई मौका नहीं छोड़ रही। इसी बीच कहानी में एक्सीबिशन यानी मेले का ट्रैक जुड़ जाता है, जहां हालात और ज्यादा उलझ जाते हैं।
आने वाले एपिसोड में मिहिर और नॉयना एक साथ मेले में पहुंचते हैं, वहीं हालात ऐसे बनते हैं कि तुलसी को भी वहां आना पड़ता है। भीड़भाड़ के बीच दोनों को एक-दूसरे की मौजूदगी का एहसास तो होता है, लेकिन नजरें नहीं मिल पातीं। यह पल दर्शकों के लिए बेहद भावुक होने वाला है।
इसी दौरान नॉयना खुद को मिहिर की पत्नी की तरह पेश करने लगती है, जिसे देखकर तुलसी अंदर ही अंदर टूट जाती है। जब उसकी नजर मिहिर और नॉयना पर साथ पड़ती है, तो उसके पुराने जख्म फिर से हरे हो जाते हैं। हालात तब और बिगड़ जाते हैं जब मेले में अचानक तुलसी और मिहिर आमने-सामने आ जाते हैं।
इस अप्रत्याशित मुलाकात से मिहिर हैरान रह जाता है और तुलसी से सवाल करता है कि वह इतने वर्षों तक कहां थी। हालांकि, नॉयना की मौजूदगी के कारण तुलसी अपने दिल की बात कहने की हिम्मत नहीं जुटा पाती। इस मुलाकात के बाद वह अकेले में टूटकर बिखर जाती है और उसे एहसास होता है कि सब कुछ होते हुए भी उसकी ज़िंदगी अधूरी रह गई है।
आने वाले एपिसोड्स में यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या यह मुलाकात पुराने रिश्तों को नया मोड़ देगी या तुलसी का दर्द और गहराएगा।


