मुंबई (सं.भा.) मध्य रेलवे की उपनगरीय रेल सेवा सोमवार को बुरी तरह प्रभावित रही। सुबह हुई दो तकनीकी खराबियों के कारण रेल परिचालन की समय-सारिणी बिगड़ गई, जिसका असर शाम तक जारी रहा। कई ट्रेनें रद्द होने और गाड़ियों के देरी से चलने के कारण हजारों यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ी। ठाणे रेलवे स्टेशन पर शाम के समय यात्रियों की भारी भीड़ जमा हो गई। ट्रेन में चढ़ने और उतरने के दौरान धक्कामुक्की के चलते भगदड़ जैसे हालात बन गए।
सुबह करीब 9:30 बजे कांजुरमार्ग के पास सिग्नल प्रणाली में आग लगने से विक्रोली और भांडुप के बीच रेल परिचालन बाधित हो गया। इसके कारण गाड़ियों की आवाजाही प्रभावित हुई और कई ट्रेनें रास्ते में रुक गईं। स्थिति बिगड़ने पर कुछ यात्रियों को रेल पटरियों से पैदल चलकर नजदीकी स्टेशन तक पहुंचने की कोशिश करते देखा गया। इसी बीच सुबह करीब 10 बजे ठाणे और मुलुंड के बीच बिजली की ऊपरी तार पर तार का एक टुकड़ा गिरने से रेल परिचालन में दूसरी बाधा उत्पन्न हो गई। इस समस्या को सुबह 10:58 बजे दूर किया गया, लेकिन सेवाओं को सामान्य होने में काफी समय लगा।
शाम के समय ठाणे रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ और बढ़ गई। प्लेटफार्म नंबर पांच पर इतनी भीड़ जमा हो गई कि यात्रियों के लिए खड़ा होना भी मुश्किल हो गया। ट्रेन में चढ़ने और उतरने के दौरान यात्रियों के बीच धक्कामुक्की हुई और कुछ लोग संतुलन बिगड़ने से प्लेटफार्म पर गिर पड़े। मध्य रेलवे के मुख्य मार्ग और ट्रांस हार्बर मार्ग के यात्रियों की आवाजाही भी ठाणे स्टेशन पर भीड़ बढ़ने का एक प्रमुख कारण बनी।
तकनीकी खराबियों के चलते कई ट्रेनें रद्द करनी पड़ीं, जबकि तेज गति से चलने वाली गाड़ियां करीब 35 मिनट और धीमी गति वाली ट्रेनें 45 से 60 मिनट तक देरी से चलीं। इससे कार्यालयों से घर लौटने वाले यात्रियों को लंबे समय तक इंतजार करना पड़ा। यात्रियों ने ठाणे से कल्याण के लिए विशेष ट्रेन चलाने की मांग की, ताकि भीड़ को कम किया जा सके और उन्हें राहत मिल सके। सुबह से शाम तक जारी अव्यवस्था ने मध्य रेलवे की उपनगरीय सेवाओं और यात्रियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए।


