spot_img
Homeमहाराष्ट्रमुंबईमहाराष्ट्र में गहराने लगा जल संकट, 466 टैंकरों से हो रही पानी...

महाराष्ट्र में गहराने लगा जल संकट, 466 टैंकरों से हो रही पानी सप्लाई

मुंबई (सं. भा.): महाराष्ट्र में अल नीनो के संभावित असर और कम बारिश की आशंका के बीच जल संकट गहराने लगा है। राज्य के कई हिस्सों में पानी की कमी महसूस होने लगी है, जिसके चलते प्रशासन ने सूखा प्रभावित क्षेत्रों में पानी पहुंचाने के लिए वाटर टैंकरों की संख्या तेजी से बढ़ा दी है। पिछले महीने जहां 86 टैंकरों के जरिए जलापूर्ति की जा रही थी, वहीं अब यह संख्या बढ़कर 466 तक पहुंच गई है।
जलापूर्ति एवं स्वच्छता विभाग के अनुसार, राज्य के बांधों और जल स्रोतों में जल भंडारण लगातार कम हो रहा है। हालात को देखते हुए प्रशासन ने प्रभावित गांवों और बस्तियों में अतिरिक्त टैंकर भेजने शुरू कर दिए हैं। वर्तमान में राज्य के 1194 गांवों और बस्तियों में टैंकरों के माध्यम से पानी की आपूर्ति की जा रही है। हालांकि अधिकारियों का कहना है कि पिछले वर्ष की तुलना में स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है। वर्ष 2025 में मई के पहले सप्ताह तक राज्य में 1057 टैंकरों का इस्तेमाल किया जा रहा था।
अधिकारियों के मुताबिक, पिछले साल हुई अच्छी बारिश और भूजल स्तर में सुधार के कारण इस बार स्थिति कुछ हद तक संभली हुई है। इसके बावजूद मौसम विभाग द्वारा औसत से कम बारिश की संभावना जताए जाने के बाद सरकार सतर्क हो गई है। आने वाले महीनों में जल संकट और गहरा सकता है, इसलिए प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है।
इसी बीच मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने अधिकारियों को जल संरक्षण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने ‘जलयुक्त शिवार अभियान 2.0’ के तहत चल रहे प्रकल्पों को युद्धस्तर पर पूरा करने और भूजल स्तर गिरने वाले क्षेत्रों को प्राथमिकता देने को कहा है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि अगस्त 2026 तक राज्य में पेयजल की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए और जल संरक्षण के उपायों को सख्ती से लागू किया जाए

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com