मुंबई (सं.भा.) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बारे में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की कथित आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। महाराष्ट्र के कैबिनेट मंत्री मंगलप्रभात लोढ़ा ने खरगे के बयान की कड़ी आलोचना करते हुए उनसे देश से माफी मांगने की मांग की है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के पद और व्यक्तित्व को देखते हुए इस तरह की टिप्पणी करना अनुचित है।
मंत्री मंगलप्रभात लोढ़ा ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “विनाशकाले विपरीत बुद्धि।” उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के व्यवहार पर भी सवाल उठाए और कहा कि खरगे के बयान से उनकी सोच का पता चलता है। लोढ़ा के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक महान व्यक्तित्व हैं और उनके बारे में इस तरह की भाषा का इस्तेमाल करना किसी भी नेता को शोभा नहीं देता।
लोढ़ा ने कहा कि प्रधानमंत्री के बारे में आपत्तिजनक बयान देना केवल किसी व्यक्ति का अपमान नहीं, बल्कि देश का अपमान है। उन्होंने खरगे से अपने बयान के लिए सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की। मंत्री ने चेतावनी दी कि यदि खरगे माफी नहीं मांगते हैं, तो जनता उन्हें माफ नहीं करेगी।


