मोहनलाल ने जड़ा थप्पड़- सुपरस्टार प्रेम नजीर की बेइज्जती पर आया गुस्सा
मुंबई (स भा):मलयालम सुपरस्टार मोहनलाल को आमतौर पर शांत और विनम्र स्वभाव का माना जाता है, लेकिन एक बार उन्होंने एक शख्स को थप्पड़ मारकर सबको चौंका दिया था। यह वाकया उस समय का है जब किसी ने उनके प्रिय सीनियर कलाकार प्रेम नजीर के बारे में अपमानजनक बातें कहीं और मोहनलाल खुद को रोक नहीं पाए।
चर्चित चैट शो ‘जेबी जंक्शन’ में जॉन ब्रिटास से बातचीत के दौरान मोहनलाल ने इस किस्से का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि एक व्यक्ति लगातार दो से तीन घंटे तक प्रेम नजीर की आलोचना कर रहा था। शुरुआत में उन्होंने इसे नजरअंदाज करने की कोशिश की, लेकिन जब वह अपनी सीमाएं लांघ गया तो मोहनलाल ने उसे थप्पड़ मार दिया। उन्होंने कहा, “ऐसी स्थिति में मारना एक रिफ्लेक्स एक्शन बन जाता है। हर चीज की एक हद होती है।”
हालांकि, मोहनलाल ने यह नहीं बताया कि वह व्यक्ति कौन था, लेकिन उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि भविष्य में ऐसी कोई स्थिति दोबारा आती है तो वह फिर ऐसा ही करेंगे।
प्रेम नजीर को भारतीय सिनेमा का अनमोल सितारा माना जाता है, जिन्होंने अपने करियर में 720 से अधिक फिल्मों में लीड रोल निभाया। मोहनलाल ने भी उनके साथ कई फिल्मों में काम किया जैसे “लाल अमेरिकायिल”, “अट्टकलसम”, “पदयोत्तम” और “कदाथनदान अंबाडी”।
इस घटना ने यह साबित कर दिया कि इंडस्ट्री में भी जब बात आदर की आती है, तो सबसे शांत अभिनेता भी अपने आदर्शों के लिए खड़े हो जाते हैं।


