spot_img
Homeसंपादकीयकहां रहे राष्ट्रपति भवन के बाद महामहिम

कहां रहे राष्ट्रपति भवन के बाद महामहिम

भारतीय गणतंत्र का राष्ट्रपति चुनाव एक बड़ी प्रक्रिया होती है। राष्ट्रपति का चुनाव एक निर्वाचक मंडल के जरिए किया जाता है। यानी जनता अपने प्रथम नागरिक का चुनाव सीधे नहीं करती, बल्कि उसके वोट से चुने गए लोग करते हैं। यह है अप्रत्यक्ष निर्वाचन। इलेक्शन कमीशन ने बताया है कि राष्ट्रपति चुनाव के लिए वोटिंग 18 जुलाई को होगी और 21 जुलाई को मतगणना होगी। राष्ट्रपति चुनाव की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। एनडीए की प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू और विपक्ष के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा के बीच मुकाबला है। निर्वाचन आयोग ने देश के 16वें राष्ट्रपति के चुनाव का कार्यक्रम सामने रख दिया है। मौजूदा राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का कार्यकाल 24 जुलाई को पूरा होगा। 25 जुलाई को देश को नया राष्ट्रपति मिलेगा। नए चुने गए राष्ट्रपति तो राष्ट्रपति भवन में रहते हैं लेकिन कार्यकाल पूरा होने के बाद पूर्व राष्ट्रपति कहां रहते हैं, क्या आपने कभी पता किया है। देश के पहले राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद 1962 में पदमुक्त होने के बाद पटना चले गए थे। वे दिल्ली में नहीं रहे। डॉ. राजेंद्र प्रसाद की पटना के लिए विदाई नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से हुई थी। देश के दूसरे राष्ट्रपति एस. राधाकृष्णन 1962 से 1967 तक अपने पद पर रहने के बाद मद्रास चले गए थे। डॉ. जाकिर हुसैन 13 मई 1967 से लेकर 3 मई 1969 तक देश के तीसरे राष्ट्रपति रहे। उनका पद पर रहते हुए निधन हो गया था। उनकी और उनकी पत्नी शाहजहां बेगम जामिया मिलिया इस्लामिया के पास के कब्रिस्तान में चिरनिद्रा में हैं। दरअसल डॉ. जाकिर हुसैन की शवयात्रा राष्ट्रपति भवन से जामिया मिलिया इस्लामिया की तरफ गई थी। शव यात्रा रास्ते में पुराने वेस्ली रोड से गुजरी थी, इसलिए उस सड़क का नाम आगे चलकर डॉ. जाकिर हुसैन रोड कर दिया गया था। भारत के चौथे राष्ट्रपति वीवी गिरी 24 अगस्त 1969 से 24 अगस्त 1974 तक अपने पद पर रहने के बाद मद्रास चले गए थे। राष्ट्रपति डॉ फखरुद्दीन अली अहमद का 11 फरवरी 1977 को पद पर रहते हुए निधन हो गया था। एन संजीव रेड्डी 1977 से 1982 तक देश के राष्ट्रपति रहे। वह भी राष्ट्रपति भवन को छोड़ने के बाद दिल्ली से चले गए थे। उनका 1996 में बेंगलुरु में निधन हो गया था। ज्ञानी जैल सिंह 1982-1987 तक देश के राष्ट्रपति रहे। वे राष्ट्रपति भवन को छोड़ने के बाद तीन मूर्ति के पास सर्कुलर रोड के एक बंगले में रहने लगे थे। केआर नारायणन राष्ट्रपति पद पर 1997-2002 तक रहे। वे राष्ट्रपति पद छोड़ने के बाद लुटियन दिल्ली में ही रहे। एपीजे अब्दुल कलाम पद से मुक्त हुए तो उन्हें सरकार ने 10 राजाजी मार्ग का बंगला आवंटित किया। ये बेहद खास बंगला है। राष्ट्रपति पद से 2017 में मुक्त होने के बाद प्रणव कुमार मुखर्जी भी इसी बंगले में रहे। यहां उनका निधन हुआ। यह डबल स्टोरी बंगला है। लुटियन दिल्ली के बहुत ही कम बंगले डबल स्टोरी है। इसी बंगले में भारत के पहले गवर्नर जनरल सी राजगोपालाचारी भी रहे हैं। प्रणव कुमार मुखर्जी से पहले प्रतिभा पाटिल देश की राष्ट्रपति रहीं। वह अपने पद को छोड़ने के बाद पुणे शिफ्ट कर गई थीं। दरअसल नियम यह है कि सरकार को पूर्व राष्ट्रपति को सेवा से मुक्त होने के बाद राजधानी में कैबिनेट मंत्री को आवंटित होने वाला बंगला ही आवंटित करना होता है। अगर उनकी मृत्यु हो जाती तो वह बंगला उनकी पत्नी/ पति को मिल जाता है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com