मुंबई (सं.भा.) अस्पतालों में मरीजों का इलाज करने वाले रेजिडेंट डॉक्टर खुद मानसिक और शारीरिक दबाव से जूझ रहे हैं। फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया मेडिकल एसोसिएशन (FAIMA) के हालिया सर्वे में खुलासा हुआ है कि अधिक समय तक लगातार ड्यूटी, पर्याप्त आराम की कमी और बढ़ते कार्यभार के कारण बड़ी संख्या में डॉक्टर बर्नआउट, नींद की कमी और मानसिक तनाव का सामना कर रहे हैं।
महाराष्ट्र राज्य के सरकारी और निजी मेडिकल शिक्षण संस्थानों के 109 रेजिडेंट डॉक्टरों पर किए गए इस सर्वे में कार्य परिस्थितियों की चिंताजनक तस्वीर सामने आई है। रिपोर्ट के मुताबिक, 53.2 प्रतिशत डॉक्टरों ने स्वीकार किया कि उन्हें लगातार 36 घंटे से अधिक समय तक ड्यूटी करनी पड़ती है। वहीं 82.6 प्रतिशत डॉक्टरों ने पर्याप्त नींद नहीं मिलने की शिकायत की, जबकि 78 प्रतिशत डॉक्टरों ने मानसिक और शारीरिक थकावट यानी बर्नआउट के लक्षण महसूस होने की बात कही।
सर्वे का सबसे गंभीर पहलू यह रहा कि 16.5 प्रतिशत रेजिडेंट डॉक्टरों ने अत्यधिक कार्य दबाव और मानसिक तनाव के कारण आत्म-हानि जैसे विचार आने की बात भी स्वीकार की। रिपोर्ट में कहा गया है कि अधिक समय तक लगातार ड्यूटी, सीमित विश्राम और बढ़ते कार्यभार का असर न केवल डॉक्टरों के मानसिक स्वास्थ्य पर पड़ रहा है, बल्कि मरीजों को मिलने वाली स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता भी प्रभावित हो सकती है।
FAIMA ने सर्वे के आधार पर रेजिडेंट डॉक्टरों की ड्यूटी अवधि को संतुलित करने, पर्याप्त विश्राम सुनिश्चित करने और मानसिक स्वास्थ्य सहायता व्यवस्था को मजबूत बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया है।


