रेलवे लगाएगा 126 नई एटीवीएम मशीनें
मुंबई (सं. भा.) – पश्चिम रेलवे के स्टेशनों पर जल्द ही 126 नई स्वचालित टिकट वेंडिंग मशीन (एटीवीएम) लगाई जाएंगी, जिससे यात्रियों को टिकट खरीदने में अधिक सुविधा होगी। रेलवे प्रशासन ने टिकटिंग प्रक्रिया को तेज और आसान बनाने के लिए यह फैसला लिया है। इस काम के लिए टेंडर प्रक्रिया भी जल्द शुरू की जाएगी। अत्याधुनिक तकनीक से लैस इन नई मशीनों की मदद से यात्रियों को टिकट काउंटर पर लंबी कतारों में नहीं लगना पड़ेगा।
पश्चिम रेलवे के मुंबई मंडल में पहले से 344 एटीवीएम मशीनें लगी थीं, जिनमें से 117 मशीनें अपनी कोडल लाइफ पूरी कर चुकी हैं और अब उन्हें बदला जा रहा है। कुछ स्टेशनों पर नई मशीनें पहले ही शुरू कर दी गई हैं। रेलवे प्रशासन ने 2025-26 में टिकटिंग सिस्टम को और बेहतर बनाने के लिए अतिरिक्त 126 नई मशीनें खरीदने का निर्णय लिया है।
रेलवे प्रशासन अब टिकट प्रणाली को फेसलेस और डिजिटल बनाने पर जोर दे रहा है। यात्रियों को कतार में लगने से बचाने के लिए एटीवीएम मशीनें लगाई जा रही हैं, जिससे वे यूपीआई या अन्य डिजिटल माध्यमों से स्वयं टिकट खरीद सकेंगे। इससे नकदी की जरूरत कम होगी और यात्रियों का समय भी बचेगा।

पहले लगाए गए एटीवीएम कई बार तकनीकी दिक्कतों के कारण बंद पड़े रहते थे, जिससे यात्रियों को परेशानी होती थी। रेलवे का कहना है कि नई मशीनों में यह समस्या नहीं आएगी और टिकटिंग प्रक्रिया अधिक सुचारू होगी। रेलवे के सीपीआरओ विनीत अभिषेक ने कहा कि, “हम डिजिटल टिकटिंग को सरल और प्रभावी बनाने पर ध्यान दे रहे हैं। पुरानी मशीनों को हटाकर नई और बेहतर तकनीक वाली मशीनें लगाई जा रही हैं, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना न करना पड़े।”
इसके अलावा, रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए ‘यूनिफाइड टिकटिंग सिस्टम’ (यूटीएस) मोबाइल ऐप भी लॉन्च किया है, जिससे यात्री अपने स्मार्टफोन के जरिए कभी भी और कहीं भी ऑनलाइन टिकट खरीद सकते हैं। इससे न केवल समय की बचत होगी बल्कि टिकटिंग प्रक्रिया को अधिक सुगम और डिजिटल बनाने में भी मदद मिलेगी।


