मुंबई (सं. भा.) मुंबई में बारिश के आगमन से पहले ही मौसम विभाग ने शहर में भारी बारिश की चेतावनी जारी कर दी थी। शहर में बारिश तो हुई लेकिन जिस तरह से मौसम विभाग ने अलर्ट जारी कर २०० मिलीमीटर से अधिक बारिश होने की बात कही थी, वैसा कुछ नहीं हुआ। दो दिन पहले ही मौसम विभाग ने मुंबई में हल्की-फुल्की बारिश होने की बात कही परंतु शहर में काफी अच्छी बारिश हो रही है। अब मौसम विभाग हर घंटे का अपडेट दे रहा है। कल विभाग ने शाम को शहर में ज्यादा बारिश होने की बात कही।
बता दें कि एक आरटीआई के मुताबिक गत वर्ष भी क्षेत्रीय मौसम विभाग ने भारी बारिश का अनुमान लगाते हुए ३२ अलर्ट जारी किए थे लेकिन इसमें से ४४ प्रतिशत अनुमान गलत निकलते हैं। इस बार भी मॉनसून की शुरुआत होने से पहले ३ दिन के लिए अलर्ट जारी किया गया लेकिन बारिश सिर्फ दो ही दिन हुई वो भी ठीक-ठाक। हाल ही में मौसम विभाग ने
मॉनसून के पुनर्जीवित होने के लिए २२ जून के बाद का समय बताया लेकिन शहर में विगत दो दिनों से काफी अच्छी बारिश देखने को मिल रही है। कल सुबह ८ बजे से शाम ५.३० बजे तक कोलाबा में ५०.६ मिलीमीटर और उपनगर में २३.४ मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। कल शाम को क्षेत्रीय मौसम विभाग के उपनिदेशक के होसलिकर ने बताया कि मुंबई में अब बारिश और भी गति पकड़ेगी। इतना ही नहीं कल शाम २ से ३ घंटे में शहर में अच्छी बारिश होने की बात कही।


