फतेहपुर (सं. भा.) : लोकतंत्र की मजबूती के लिए 17वीं लोकसभा का चुनाव एक नया इतिहास लिखने जा रहा है। युवा व आधी आबादी के मतदाता सोमवार को होने वाले मतदान के लिए पूरी तरह से तैयार है। साढ़े अठारह लाख से अधिक मतदाताओं के वोट डलवाने के लिए पूरी दस हजार से अधिक कर्मचारी जहां बूथों में डेरा डाल दिए हैं वहीं मतदाता भी लोकतंत्र की शान बनने के लिए सुबह ही बूथ पहुंच कर ईवीएम की बटन दबाने को तैयार है। गर्मी की तपिश लोकतंत्र के लगाव को और चटख कर रहा है। उत्साही मतदाताओं का कहना है कि एक दिन धूप सह लेंगे लेकिन कम मतदान का कलंक नहीं लगने देंगे। संसदीय क्षेत्र में महिला मतदाताओं की संख्या आठ लाख से अधिक व युवाओं की चार लाख की अधिक संख्या लोकतंत्र की शान बढ़ाएगी। सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक होने वाले मतदान में आधी आबादी बढ़-चढ़ कर हिस्सा लेने को तैयार है। आयोग के निर्देश पर प्रशासन ने मतदाता जागरूकता को जो अभियान चलाया उसमे सत्तर प्लस का लक्ष्य लेकर मतदाताओं में जोश भरा गया। भगवान भाष्कर की तपिश के बीच मतदाताओं को यह चुनौती स्वीकार करनी पड़ेगी। दैनिक जागरण ने भी चौपाल व यूथ के बूथ कालम के माध्यम से लोकतंत्र की मजबूती का अभियान चलाया।
आयु की गणना मतदाता संख्या कुल मतों में प्रतिशत
18 से 19 वर्ष 23582 1.31 फीसद
20 से 29 वर्ष 444788 24.65 फीसद
30 से 39 वर्ष 411985 22.84 फीसद
40 से 49 वर्ष 364634 20.21 फीसद
50 से 59 वर्ष 292160 16.19 फीसद
60 से 69 वर्ष 174367 9.66 फीसद
70 से 79 वर्ष 78978 0.4 फीसद
80 से ऊपर 29941 0.2 फीसद
महिला मतदाताओं की संख्या
विधानसभा – महिला मतदाता
जहानाबाद – 135029
बिदकी – 137572
फतेहपुर – 159898
अयाह-शाह – 122007
हुसेनगंज – 134188
खागा – 151302 जागरण कंट्रोल रूम
सोमवार को हो रहे मतदान में कहीं भी दिक्क्त व गड़बड़ी हो सकती है। प्रशासनिक सुधार व शिकायत के लिए दैनिक जागरण की मदद ली जा सकती है। आने वाली समस्याओं को हम जिम्मेदार अधिकारियों तक पहुंचा कर यथासंभव निदान के प्रयास किए जाएंगे। मतदाता की हैसियत से आप मतदान से जुड़ी किसी भी समस्या की जानकारी जागरण के फोन नंबर 05180 – 223233 में सुबह आठ बजे से शाम छह बजे तक बता सकते हैं।


