spot_img
Homeउत्तर प्रदेशआरोपित होमगार्ड गिरफ्तार, कोतवाल लाइन हाजिर

आरोपित होमगार्ड गिरफ्तार, कोतवाल लाइन हाजिर

उन्नाव (सं. भा.) : कोरोना क‌र्फ्यू के उल्लंघन के आरोप में पकड़कर पीटने से सब्जी विक्रेता फैसल की मौत के मामले में किरकिरी के बाद पुलिस अधिकारी हरकत में आ गए हैं। घटना के तीसरे दिन रविवार को फैसल की हत्या के मुकदमे में नामजद होमगार्ड सत्यप्रकाश को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद बांगरमऊ कोतवाली प्रभारी जितेंद्र कुमार सिंह को भी लाइन हाजिर कर दिया गया। मुकदमे में नामजद दोनों सिपाही पकड़ से बाहर हैं। एसपी के मुताबिक दोनों की तलाश चल रही है, जल्द ही गिरफ्तारी होगी। उधर क्राइम ब्रांच ने मामले की जांच शुरू करते हुए पीड़ित परिवार के सदस्यों से मुलाकात कर घटना के बारे में पूछताछ की।

घटना के दिन ही आरोपित सिपाही और होमगार्ड फरार हो गए थे। फैसल के स्वजन की तहरीर पर दो सिपाहियों और एक होमगार्ड के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज होने के बाद एसपी ने इस मामले की जांच क्राइम ब्रांच से कराने के आदेश दे दिए थे। आरोपितों की तलाश में जुटी पुलिस ने रविवार दोपहर होमगार्ड सत्यप्रकाश को गिरफ्तार कर लिया। एसपी आनंद कुलकर्णी के मुताबिक सीओ बांगरमऊ आशुतोष कुमार के नेतृत्व में गई पुलिस टीम ने होमगार्ड को हरदोई जिले की सीमा से पकड़ा। उससे पूछताछ की जा रही है। होमगार्ड की गिरफ्तारी के बाद एसपी ने रात नौ बजे बांगरमऊ कोतवाली के प्रभारी जितेंद्र कुमार पर भी कार्रवाई की। उन्हें कोतवाली से हटाकर पुलिस लाइन भेज दिया। तहरीर में स्वजन का आरोप है कि कोतवाल के सामने ही फैसल की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। इसके बाद भी कोतवाल मुकदमे में आरोपित नहीं बनाए गए। एक सप्ताह पहले ही जितेंद्र कुमार बांगरमऊ के कोतवाल बनाए गए थे। हसनगंज कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक मुकुल प्रकाश वर्मा को अब बांगरमऊ कोतवाली का दायित्व सौंपा गया है।
उधर, रविवार को क्राइम ब्रांच इंस्पेक्टर आइपी सिंह सुबह पहले कोतवाली और फिर मृतक के घर पहुंचे। उन्होंने परिवार के सदस्यों से घटना के संबंध में पूछताछ की।

बांगरमऊ नगर चौकी के सिपाही विजय चौधरी और होमगार्ड सत्यप्रकाश शुक्रवार को कोरोना क‌र्फ्यू के दौरान सब्जी की दुकान खोलने पर फैसल को पीटने के बाद कोतवाली ले गए थे। वहां फैसल की हालत बिगड़ी तो उसे आनन फानन अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। हिरासत में पिटाई से फैसल की मौत के बाद स्वजन और स्थानीय लोगों ने लखनऊ रोड चौराहा जाम कर जमकर हंगामा किया था। इसके बाद एसपी के निर्देश पर दो सिपाहियों और होमगार्ड के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में फैसल की मौत सिर पर गंभीर चोट के कारण होने की बात सामने आई। पीठ पर भी चोट के 13 निशान मिले।
फैसल की मौत के बाद हंगामे को देखते हुए शनिवार से मृतक के घर के बाहर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। नगर में बड़ी संख्या में फोर्स की चप्पे-चप्पे पर तैनाती की गई है।

मामले में नामजद सिपाही विजय चौधरी निवासी ग्राम हल्ला नगला थाना चांदपुर जिला बिजनौर और सीमांत चौधरी निवासी ग्राम खासपुरा थाना हल्दौर जिला बिजनौर की बांगरमऊ कोतवाली में पहली पोस्टिंग थी। दोनों को निलंबित करने के साथ ही मुकदमा दर्ज कर दिए जाने से उनकी पहली ही पोस्टिंग में दाग लगा है।

आरोपित होमगार्ड सत्य प्रकाश मूलरूप से फतेहपुर चौरासी थानाक्षेत्र के गांव शिवपुरी का निवासी है। उसे पिता रामसागर की मौत के बाद मृतक आश्रित के रूप में लगभग दो वर्ष पूर्व नौकरी मिली थी। हत्या में नाम आते ही उसकी सेवा समाप्त कर दी गई।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com