सुल्तानपुर (सं. भा.) : बिजली चोरी पर प्रभावी तरीके से रोक लगाने के लिए महकमे ने कड़ा कदम उठाया है। बकाया बिल जमा किए बगैर ही चोरी से दोबारा कनेक्शन जोड़कर बिजली का उपभोग करने वाले 190 उपभोक्ताओं पर रविवार को मुकदमा दर्ज कराया गया। जबकि 450 बकाएदारों के खिलाफ आरसी जारी की गई है। विद्युत वितरण खंड द्वितीय के अधिशासी अभियंता यादवेंद्र कुमार यादव ने बताया कि बिजली चोरी पर अंकुश लगाने व राजस्व बढ़ाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। जिसके तहत बीते दिनों बकायेदारों का कनेक्शन काट दिया गया था। रविवार को दोबारा चेकिंग की गई तो ये उपभोक्ता बिना बिल जमा किए ही चोरी से कनेक्शन जोड़कर बिजली उपभोग करते मिले। जबकि इन उपभोक्ताओं ने एमनेस्टी योजना के अंतर्गत पंजीकरण कराया था। इन्हें अधिभार में छूट वाली संशोधित बिल जारी की गई थी। कादीपुर में 46, लम्भुआ में 35, कुड़वार में 44, सदर में 39 व कूरेभार उपखंड क्षेत्र में 26 उपभोक्ताओं के खिलाफ संबंधित थानों में बिजली चोरी का मुकदमा दर्ज कराया गया है। इन उपभोक्ताओं की कुल 1 करोड़ 55 लाख 9 हजार रुपये की धनराशि बकाया है। जबकि 450 अन्य उपभोक्ताओं के खिलाफ आरसी जारी की गई है। उन्होंने बताया कि यह अभियान निरंतर चलाया जाएगा।
उपभोक्ताओं पर मुकदमा, बकाएदारों को आरसी
RELATED ARTICLES


