बांदा (सं. भा.) : कोरोना महामारी के संकट की इस घड़ी में मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य व एक चिकित्सक ने अपना एक-एक माह का वेतनदान में दिया है। इन रुपयों से उन्होंने भर्ती होने वाले मरीजों के भोजन-पानी की व्यवस्था में सहयोग करने को कहा है। उन्होंने मानवता के इस कार्य में अपने अन्य स्टाफ से भी सहभागिता निभाने को कहा है।
कोरोना संक्रमण के दौर में मेडिकल कॉलेज में इस समय क्वारंटाइन व आइसोलेशन में भर्ती होने वाले मरीजों की लाइन लगी है। मरीजों के भोजन व नाश्ते आदि के फंड का अभाव होने से वहां के प्राचार्य डा. मुकेश यादव ने मानवता की मिसाल कायम की है। उन्हें अपने एक माह का करीब दो लाख रुपये वेतन मरीजों के भोजन-पानी की व्यवस्था के लिए दान में दिया है। प्राचार्य की इस नेक कार्य को देखकर वहां के बाल रोग विशेषज्ञ डा. मनोज ने भी अपना एक माह का करीब सवा लाख रुपये से वेतन मरीजों के सेवार्थ भाव के लिए दान किया। प्राचार्य अपने अन्य चिकित्सकों व कर्मचारियों को भी मरीजों के हित में स्वेच्छा से आर्थिक सहयोग करने के लिए प्रेरित करने का प्रयास कर रहे हैं। जिससे मरीजों के नाश्ते से लेकर भोजन आदि में किसी तरह की दिक्कत सामने न आए।


