सुलतानपुर (सं. भा.) : डीएम की अध्यक्षता में आयोजित किसान दिवस में बुधवार को अन्नदाताओं ने समस्याओं की झड़ी लगा दी। जिसे गंभीरता से लेते हुए डीएम ने संबंधित महकमे के अफसरों को शीघ्र निस्तारित करने का निर्देश दिया।
विकास भवन में किसान दिवस का आयोजन किया गया। सर्वप्रथम डीएम हरेंद्रवीर सिंह ने पूर्व के दिवसों में प्राप्त शिकायतों की समीक्षा की। जिसमें कृषि एवं विद्युत विभाग की एक-एक शिकायतें लंबित मिलीं। जिनके निस्तारण के लिए डीएम ने दो दिन मोहलत अफसरों को दी है। दिवस में सोमनाभार दूबेपुर में नलकूप बंद होने, भदैंया विकास खंड के पखरौली गांव में अपात्रों को राशन कार्ड बनाए जाने व कोटा भदैंया से संबंद्ध किए जाने की शिकायत की गई। जिलाधिकारी ने जिलापूर्ति अधिकारी को जांच के निर्देश दिए। इसके अलावा आए दिन चीनी मिल के ठप होने, गन्ना तौल न होने, धान खरीद न होने तथा रोस्टर के मुताबिक बिजली न मिलने की शिकायतें किसानों ने प्रमुखता से उठाई। किसानों ने यूरिया तथा डीएपी न मिलने की भी समस्या उठाई। इस पर जिला सहायक निबंधक सहकारिता ने बताया कि रेलवे ट्रैक की खराबी के चलते उर्वरक आने में विलंब हुआ है। वर्तमान में 2400 एमटी डीएपी व 5000 एमटी यूरिया उपलब्ध है। डीएम ने दिवस में आई शिकायतों को सप्ताहभर में निस्तारित करने का निर्देश मातहतों को दिया है। सीडीओ रामयज्ञ मिश्र ने किसानों को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं के प्रति प्रशासन गंभीर है। प्राथमिकता पर निस्तारण किया जाएगा। भाकियू नेता हृदयराम वर्मा, भोला ¨सह आदि ने जिलाधिकारी व सीडीओ को शाल भेंटकर सम्मानित किया। साथ ही समस्याओं के शीघ्र एवं निष्पक्ष तरीके से निस्तारण की उम्मीद जताई। दिवस का संचालन उपनिदेशक कृषि शैलेंद्र शाही ने किया। इस मौक पर सभी विभागों के जिम्मेदार अफसर मौजूद रहे।


