बांदा (सं.भा.) : चित्रकूटधाम मंडल में पशुपालन विभाग द्वारा लगाए गए एफएमडी (खुरपका-मुंहपका) के टीकाकरण का सत्यापन कराया जा रहा है। हालांकि इस साल अभी सत्यापन का कार्य भी निर्धारित समय पर पूरा नहीं हो पाया। विभाग का दावा है कि जल्द ही यह कार्य पूरा कर लिया जाएगा।
पशुओं को विभिन्न प्रकार की बीमारियों से बचाने के लिए पशुपालन विभाग द्वारा टीकाकरण कराया जाता है। इस साल एफएमडी टीकाकरण का कार्य निर्धारित 16 सितंबर से शुरू नहीं हो पाया था। पशु चिकित्सकों की हड़ताल के चलते टीकाकरण का कार्य देर से प्रारंभ हुआ और 45 दिन से ज्यादा की अवधि तक यह कार्य चला। बताते हैं कि अभियान पूरा होने के बाद इसका सत्यापन भी कराया जाता है। जिसमें मंडल स्तर पर अपर निदेशक व जनपदों में मुख्य पशु चिकित्साधिकारियों के अलावा अन्य टीमों को भी सत्यापन के कार्य में लगाया जाता है। दिसंबर बीतने को है लेकिन अभी तक सत्यापन का कार्य पूरा नहीं हो सका। इस साल पूरे मंडल में 20 लाख 27 हजार एफएमडी टीकाकरण का लक्ष्य रखा गया था। विभाग का दावा है कि लक्ष्य के सापेक्ष टीकाकरण का कार्य पूरा हुआ है। मौजूदा समय सत्यापन का कार्य चल रहा है। अपर निदेशक द्वारा मंडल के 40 गांवों का सत्यापन किया जा चुका है। मंडल स्तर पर सत्यापन के लिए 60 गांवों का लक्ष्य दिया गया है। जिसमें प्रत्येक जनपद के 15-15 गांव शामिल हैं। विभाग का दावा है कि टीकाकरण के सत्यापन का कार्य जहां शेष है उसे जल्द पूरा कराया जाएगा।
टीकाकरण के बाद सत्यापन होता है। इस साल अक्टूबर माह में एफएमडी टीकाकरण का कार्य पूरा कराया गया। सत्यापन का कार्य चल रहा है। जहां से रिपोर्ट नहीं मिली शीघ्र ही उनसे सत्यापन की सूचना मांगी है ताकि जल्द से जल्द कार्य को पूरा कराया जा सके।


