कानपुर देहात (सं. भा.) : अकबरपुर के नरिहां गांव के मजरा गोकुलपुरवा से करीब आधा दर्जन महिलाएं ठेके पर आलू खोदने शिकोहाबाद गई थी। जहां पर दो महिलाएं सोनावती व कमला देवी ट्रेन की चपेट में आकर घायल हो गईं। ठेकेदार ने उन्हें यहां पर नर्सिंग होम में भर्ती कराया जहां उनकी मौत हो गई। इससे परिवार में रोना पीटना मच गया।
गोकुलपुरवा निवासी रामकिशन की 55 वर्षीय पत्नी सोनावती व रामबाबू की पत्नी कमलादेवी गांव की अन्य महिलाओं संग शिकोहाबाद के ठेकेदार सुरेश कुमार के अंडर में 13 मार्च को आलू खोदने गई थीं। जहां पर रात में पास में रेलवे ट्रैक पार करते समय सोनावती व कमला देवी ट्रेन की चपेट में आकर बुरी तरह से घायल हो गईं। ठेकेदार ने उन्हें कानपुर के एक नर्सिंग होम में भर्ती करा दिया। इसके बाद अकबरपुर के एक नर्सिंग होम में उन्हें भर्ती कराया गया जहां रविवार को दोनों की मौत हो गई। गांव की महिला रचना ने बताया कि वह लोग साथ में काम करने गए थे जहां पर वह लोग भी रेलवे लाइन पार कर रहे थे। रात का समय होने पर ट्रेन देख न सके जिसके चलते दोनों ट्रेन की चपेट में आ गए। इधर दोनों की मौत से परिवार में रोना पीटना मच गया। सोनावती के पति रामकिशन व कमला देवी के पति रामबाबू ने बताया कि पता नहीं था कि ऐसा दिन देखना पड़ेगा वरना वह लोग शिकोहाबाद न जाते। सीओ अकबरपुर संदीप सिंह ने बताया कि स्वजनों की मांग पर यहीं पर पोस्टमार्टम कराया गया।


