फतेहपुर (सं. भा.) : जिला चिकित्सालय के ट्रामा सेंटर में स्थित डिजिटल एक्सरे मशीन के अभी न चालू होने से दर्जनों मरीज रोजाना कक्ष का बंद ताला देखकर मायूस होकर प्राइवेट पैथालॉजी जाने को मजबूर हैं। मरीजों के तीमारदार का कहना था कि एक्सरे मशीन शोपीस रखी हुई है जबकि दो-दो टेक्नीशियन भी नियुक्त हैं। हालांकि सीएमएस ट्रेनर के आने के बाद मशीन चालू कराने की बात कह रहे हैं।
बताते चलें कि हफ्ते भर पूर्व ट्रामा सेंटर में डिजिटल एक्सरे मशीन आ गई थी। तबसे मशीन को एक कक्ष में रखवा दी गई है और बाहर से ताला बंद करा दिया गया है। डिजिटल एक्सरे मशीन आ जाने की सूचना पर रोजाना दर्जनों मरीज ट्रामा सेंटर रंगीन एक्सरा कराने आते हैं लेकिन कक्ष में ताला बंद हो जाने से वह मायूस होकर प्राइवेट पैथालॉजी में एक्सरा कराने को मजबूर हैं जबकि एक्सरा टेक्नीशियन राजेंद्र प्रसाद त्रिपाठी व राजेश कुमार की नियुक्ति हैं। मरीजों रामकैलाश -गाजीपुर, जानकी देवी -भिटौरा, अबरार अहमद -आबूनगर, संजय साहू -चौधराना का कहना था कि अभी तक डिजिटल एक्सरा मशीन न चालू होने से वह पैथालॉजी जाने को मजबूर हैं। सीएमएस डॉ. हरगोविंद सिंह का कहना था कि डिजिटल एक्सरे मशीन के अभी ट्रेनर नहीं आए हैं, ट्रेनर आकर टेक्नीशियन की टीम को प्रशिक्षण देंगे। उसके बाद ही मशीन चालू की जा सकेगी। प्रयास है कि शीघ्र ही ट्रेनर आ जाएं।


