spot_img
Homeउत्तर प्रदेशतेज आंधी के साथ बदला मौसम

तेज आंधी के साथ बदला मौसम

बांदा (सं. भा.) : तीन दिन पहले आयी तेज आंधी व बारिश के साथ रविवार की शाम एक बार फिर आंधी के साथ बूंदाबांदी हुई। तेज आंधी से आम की फसल को नुकसान की खबर है। वहीं कई जगह खेतों में ढेर में लगा भूसा भी उड़ा। हालांकि मौसम के इस बदलाव के चलते लोगों को गर्मी से राहत मिली।

मई के पहले पखवारे में दूसरी बार लोगों को आंधी और पानी का सामना करना पड़ा। सुबह से तेज धूप निकली तो गर्मी भी जोरदार रही। दोपहर होते-होते गर्मी का प्रकोप और तेज हो गया। जिससे लोगों को गर्म हवाओं का सामना करना पड़ा। पिछले कई दिनों से उमसभरी गर्मी अपना रंग दिखा रही है। शाम को आसमान में बादल मंडराने लगे और गरज के साथ बूंदाबांदी शुरू हो गई। कुछ ही देर बाद आंधी शुरू हुई। धीरे-धीरे कर हवा की रफ्तार भी काफी तेज हो गई। जिससे कई स्थानों पर टीन -टप्पर उड़ गए। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में फसल मड़ाई के बाद जिन किसानों का भूसा खेतों में रखा था वह भी उड़ा है। बताते हैं कि आंधी से आम की फसल को भी काफी नुकसान हुआ है। बताते चलें कि तीन दिन पहले भी आधी रात को आयी तेज आंधी व बारिश से खासा नुकसान हुआ था। मौसम का मिजाज पहले भी कई बार बदल चुका है। इस साल अप्रैल माह में भी कई बार तेज आंधी आ चुकी है। शाम को मौसम में हुए बदलाव के चलते लोगों को गर्मी से राहत मिली क्योंकि दिन में अधिकतम तापमान 43 डिग्री से ऊपर जा पहुंचा। जैसे ही हवा का वेग कम हुआ लोग छतों व घरों के बाहर खुले स्थान पर टहलने को निकल पड़े। बताते हैं कि शहर के अलावा आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में भी आंधी के साथ बूंदाबांदी हुई है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com