मुंबई (सं. भा.)। पेट्रोल-डीजल के दामों में वृद्धि के बाद मुंबईकरों को अब महंगाई का एक और झटका लगा है । सीएनजी के दाम में लगभग २ रुपए प्रति किलो और पीएनजी गैस के दामों में ३८ पैसे (स्टैंडर्ड क्यूबिक मीटर) की वृद्धि कि गई है जिसके बाद मुंबईकर ‘गैस’ पर है। मुंबईकरों को वैसे ही महंगाई मारे जा रही है इसी बीच गैस के बढ़ते दामों ने लोगों का दम निकाल दिया है। टैक्सी- ऑटो यूनियन से लेकर गृहिणियों का गुस्सा चरम पर है।
बता दें कि शनिवार से ही गैस कंपनियों ने गैस के दामों में वृद्धि की है। मुंबई में सभी टैक्सी और ऑटो सीएनजी पर चल रही हैं ऐसे में गैस के दामों में १.१५ रुपए इजाफे से ऑटो -टैक्सी चालकों में रोष है। स्वाभिमान टैक्सी-रिक्शा यूनियन के अध्यक्ष के. के. तिवारी ने कहा कि ओला-उबेर के चलते पहले से ही धंधा मंदा चल रहा है। अब गैस के दामों में २ रुपए की वृद्धि सहन करने की स्थिति नहीं है। किराया बढ़ाएंगे तो लोगों को दिक्कत होगी। हम इस वृद्धि को लेकर पेट्रोल पंपों पर आंदोलन करने की सोच रहे हैं। दहिसर की निवासी शीतल पारेख (गृहिणी) ने कहा सरकार ने महंगाई जाएगी कहा था कि आएगी। यह समझ में नहीं आ रहा है।
महंगाई तो लोगों पर और भी हावी होते जा रही है। फल, सब्जियों, दूध, राशन सभी चीजों के दामों में वृद्धि ही हो रही है अब गैस की ही कमी थी, उसके भी दाम बढ़ा कर बजट का सत्यानाश कर दिया है। रिक्शाचालक राकेश पांडे ने कहा कि यदि किराए में एक से दो रुपए की वृद्धि होती है तो हाहाकार मच जाता है लेकिन हमारी भी मजबूरी है गैस के दाम में सीधे २ रुपए की बढ़त तो हमारे लिए क्या बचेगा।


