सुलतानपुर (सं. भा.) : बल्दीराय तहसील के कुआंसी बड़ा डाड़ में 25 करोड़ पौधे रोपने के अभियान की शुरुआत के लिए रविवार को आयोजित मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम से पूर्व पुलिस व प्रशासन को कांग्रेस और सपा कार्यकर्ताओं से खतरा नजर आया। इसी क्रम में कांग्रेसियों को नजरबंद कर सपाइयों को हिरासत में लेकर कोतवाली पहुंचा दिया गया।
कांग्रेस के जिलाध्यक्ष अभिषेक सिंह राणा को उनके पैतृक गांव मोतिगरपुर के लामा बनकठा में नजरबंद किया गया। उनके घर के बाहर पुलिस का पहरा रहा। राणा के मुताबिक एसआइ वीरेंद्र सोनकर ने उन्हें फोन कर कहा कि वह आज घर से बाहर न निकलें। अगर वे निर्देशों का अनुपालन नहीं करेंगे तो उन पर कार्रवाई की जाएगी।
जिलाध्यक्ष अभिषेक राणा ने कहा कि सरकार के इशारे पर प्रशासन विपक्ष की आवाज दबा रहा है। उन्हें नजरबंद किया जाना सरकार के तानाशाही रवैये को दर्शा रहा है। उन्होंने कहा कि लखनऊ-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग का निर्माण पूरा नहीं हो रहा है। लम्भुआ व चांदा में पैदल व साइकिल से चलना मुश्किल हो गया है। लखनऊ-बलिया राजमार्ग जर्जर हो चुका है। मोतिगरपुर-दोस्तपुर रोड पूरी तरह खत्म हो गई है। यह ऐसी समस्याएं हैं, जिनकी अनदेखी की जा रही हैं। राणा ने कहा कि चार विधायक और सांसद भाजपा के हैं, इसके बावजूद ये स्थिति है। वहीं, हलियापुर में प्रभात सिंह को नजरबंद किया गया।
उधर, सपा के यूथ बिग्रेड जिलाध्यक्ष मोहम्मद शहजाद, लोहिया वाहिनी के जिलाध्यक्ष रामप्रकाश व यूथ विग के अलीम मेहंदी व दाउद अहमद सहित कई लोगों को पुलिस ने हिरासत में नगर कोतवाली में बैठाए रखा। वहीं, मुख्यमंत्री का दौरा समाप्त होने के बाद कोतवाल संदीप राय ने इन सभी सपाइयों को रिहा कर दिया।
नजरबंद किए गए कांग्रेस नेता, हिरासत में सपाई
RELATED ARTICLES


