आसीवन (सं. भा.) : हाकी-डंडों व तमंचों से लैस पचास लोगों ने एक गांव पर धावा बोल दिया। अचानक 20-25 बाइकों से आए हमलावरों को देख ग्रामीण दहशत में आ गए। उन्होंने अपने घरों के दरवाजे बंद कर जान बचाई। हमलावरों ने गांव में जमकर तोड़फोड़ की। पुलिस के पहुंचने से पहले ही हमलावर फरार हो गए। आसीवन थानाक्षेत्र के गांव गहरुबाग निवासी मंगू रैदास की बेटी मीना की शादी बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र के गांव नतीरपुर निवासी मोनू पुत्र हरिनाम से हुई है। उसकी बरात 18 जून को आई थी। तभी बरात में आए बराती नशे में खाने को लेकर गालीगलौज कर रहे थे। जिसका विरोध कुछ ग्रामीणों ने किया था। जिसमें गांव निवासी राजू पुत्र तिलकू के सिर पर बरात में शामिल युवकों ने लोहे की राड मारकर घायल कर दिया था। पुलिस ने दोनों पक्ष को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया था। वहीं ग्रामीणों राकेश पाल, इकबाल यादव, इमरती पाल व सर्वेश रैदास ने बताया कि रविवार दोपहर करीब 25 से 30 बाइक पर 50 से अधिक लोग हाथों में हाकी-डंडे, चाकू व तमंचा लेकर गांव पहुंचे और हमला बोल दिया। दहशत में ग्रामीणों ने घरों के दरवाजे बंद कर लिये। इस पर बाइक सवार युवकों ने गांव में जहां जो मिला उसे तोड़ना शुरू कर दिया। इसमें हमलावरों ने जगदीश पुत्र तिलकू की बाइक तोड़ दी। वहीं राजू पुत्र तिलकू के घर के बाहर रखा छप्पर तोड़कर गिरा दिया। वहीं उसके घर में घुसकर गृहस्थी का सामान भी तोड़ डाला। बबलू यादव के ट्रैक्टर की लाइटें तोड़ दीं। एसओ अनुराग सिंह ने बताया कि जानकारी मिलने पर मौके पर फोर्स भेजा था, लेकिन उसके पहले ही हमलावर फरार हो गये थे। अभी तहरीर नहीं मिली है।
बाइकों से पहुंचे पचास हमलावरों ने की तोड़फोड़
RELATED ARTICLES


