spot_img
Homeउत्तर प्रदेशबैंक फ्राड में कारोबारी गिरफ्तार, बरामद दस्तावेजों में अहमद पटेल के रिश्तेदार...

बैंक फ्राड में कारोबारी गिरफ्तार, बरामद दस्तावेजों में अहमद पटेल के रिश्तेदार का नाम

(सं. भा.) प्रवर्तन निदेशालय ने 5 हजार करोड़ रुपये की कथित बैंक धोखाधड़ी मामले में मनी लॉन्ड्रिंग जांच में एक कारोबारी गगन धवन को गिरफ्तार किया है. यह मामला गुजरात की एक फार्मा कंपनी और कुछ अन्य हवाला सौदों से संबंधित है.

धवन का नाम गुजरात आधारित कंपनी स्टर्लिंग बायोटेक लिमिटेड केस में सामने आया था. सीबीआई ने कंपनी पर धोखाधड़ी के मामले में तमाम दस्तावेज जब्त किए थे, जिसमें गगन धवन का नाम भी सामने आया था. इस कंपनी के खिलाफ सीबीआई ने केस दर्ज किया है.

अहमद पटेल के रिश्तेदार का भी नाम

बताया जरहा है कि गगन धवन की गिरफ्तारी के साथ जो दस्तावेज बरामद किए गए हैं, उनमें कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अहमद पटेल के रिश्तेदार का भी नाम है. हालांकि, इस संबंध में अभी विस्तृत जानकारी नहीं मिल पाई है.

आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि गगन धवन को बुधवार सुबह मनी लॉन्ड्रिंग रोधक कानून (पीएमएलए) की धाराओं में गिरफ्तार किया गया है. सूत्रों ने कहा कि धवन को आगे की हिरासत के लिए अदालत में पेश किया जाएगा.

सूत्रों ने बताया कि वडोदरा की कंपनी स्टर्लिंग बायोटेक से संबंधित ऋण धोखाधड़ी तथा इसी तरह के कुछ अन्य गैरकानूनी लेनदेन की वजह से धवन पर एजेंसी की निगाह थी. आपराधिक शिकायत के आधार पर प्रवर्तन निदेशालय धवन द्वारा आयकर विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को रिश्वत देने के कथित आरोपों की जांच कर रहा था. एजेंसी ने अगस्त में दिल्ली में धवन और एक पूर्व कांग्रेस विधायक के परिसरों पर छापेमारी की थी.

सीबीआई ने हाल में स्टर्लिंग बायोटेक और उसके निदेशकों चेतन जयंतीलाल संदेसरा, दीप्ति चेतन संदेसरा, राजभूषण ओमप्रकाश दीक्षित, नितिन जयंतीलाल संदेसरा और विलास जोशी, चार्टर्ड अकाउंटेंट हेमंत हाथी, आंध्रा बैंक के पूर्व निदेशक अनूप गर्ग और कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ कथित बैंक धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है.

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com