
मुंबई (सं. भा.) भले ही प्रदेश के चुनाव में अभी डेढ़ साल का समय बाकी है लेकिन गोरेगांव विधानसभा से विधायक और राज्य मंत्री विद्या ठाकुर ने राजनीति में नई परंपरा की शुरुआत करते हुए जनसंपर्क अभियान की शुरुआत की है. विशेष रूप से बनाये गए रथ पर सवार होकर उन्होंने पिछले तीन सालों में अपने क्षेत्र में किये गए विकास कार्यों की जानकारी देने के साथ घर घर पहुंचकर लोगों से उनकी शिकायत और सुझाव लेना शुरू किया है.
कभी शिवसेना का अभेद्य गढ़ माना जाने वाले गोरेगांव विधानसभा क्षेत्र में पिछले विधान सभा चुनाव में अप्रत्याशित जीत हासिल कर राज्यमंत्री बनने वाली विद्या ठाकुर ने अपने 25 साल के राजनीतिक जीवन में कभी भी हार का सामना नहीं किया है. इस अजेय क्रम को बनाये रखने के उद्देश्य से ही उनके इस जनसंपर्क अभियान को देखा जा रहा है. भाजपा नेता एवं विद्या ठाकुर के पति जयप्रकाश ठाकुर ने इस अनूठे जनसंपर्क अभियान को ‘चुनाव के साथ भी, चुनाव के बाद भी’ का नारा देते हुए कहा कि जब तक सत्र चल रहा है हम प्रत्येक शनिवार और रविवार को अपने विधानसभा क्षेत्र के सातों वार्डों में बारी बारी से हर घर जाकर लोगों से मिलकर न केवल उनकी शिकायतें सुनेंगे बल्कि उनके सुझाव को भी अमल में लाएंगे। विद्या ठाकुर ने कहा कि अक्सर नेता चुनाव में ही हर घर जाकर जनसंपर्क करते हैं उसके बाद जनता नेता के घर संपर्क करती है लेकिन मैंने इसमें नयापन लाने की कोशिश करते हुए तीन साल में किये गए कार्यों की जानकारी देते हुए उनसे और सुझाव लेने की परंपरा शुरू की है.


