spot_img
Homeउत्तर प्रदेशमार्ग दुर्घटनाओं में तीन लोगों की मौत

मार्ग दुर्घटनाओं में तीन लोगों की मौत

झींझक (सं. भा.) : मंगलपुर थाना क्षेत्र में रविवार को अलग-अलग मार्ग दुर्घटनाओं में महिला सहित तीन लोगों की मौत हो गई। झींझक छोटे चौराहे के पास डंपर ने साइकिल सवार को टक्कर मार दी। जुरिया गांव के सामने किसी वाहन की चपेट में आकर युवक की जान चली गई। रसूलाबाद झींझक मार्ग पर किशौरा गांव के सामने बाइक से गिरकर महिला की मौत हो गई। अन्य हादसे में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया।

मुड़ेरा मंगलपुर निवासी उदयवीर उर्फ भूरा (35) रविवार को किसी काम से झींझक आए थे। छोटे चौराहे के पास तेज रफ्तार डंपर की चपेट में आकर वह घायल हो गये। दुर्घटना के बाद चालक डंपर छोड़कर मौके से भाग निकला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने गंभीर रूप से घायल उदयवीर को जिला अस्पताल भिजवाया। इमरजेंसी में डॉ. निशांत पाठक ने प्राथमिक इलाज के बाद उसे कानपुर रेफर कर दिया लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई। परिजन शव वापस जिला अस्पताल लाए और झींझक चौकी इंचार्ज अमर सिंह ने पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।

रूरा-झींझक मार्ग पर जुरिया गांव के सामने किसी वाहन की चपेट में आकर युवक की मौत हो गई। दुर्घटना के बाद वाहन लेकर चालक फरार हो गया। हादसे की जानकारी पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पहचान का प्रयास किया लेकिन देर शाम तक शिनाख्त नहीं हो सकी। झींझक चौकी इंचार्ज ने बताया कि मृतक की उम्र चालीस वर्ष के करीब होगी, वह लाल स्वेटर, काली जैकेट व काला पैंट पहने था। प्रयास के बाद भी शिनाख्त न होने पर अज्ञात में पंचनामा किया गया है।

रसूलाबाद थाना क्षेत्र के तरसौली गांव निवासी मनोज की पत्नी मधू (30) कुछ दिन पहले मायके अकबरपुर कोतवाली के लोधीपुर फत्तेपुर गई थी। रविवार को वह भाई अर्जुन के साथ बाइक से ससुराल तरसौली जा रही थी। बाइक पर उसके बच्चे अमन (5) व दिव्यांशी (3) भी सवार थे। रसूलाबाद झींझक मार्ग पर किशौरा गांव के सामने गढ्डे में बाइक उछलने से मधु गिर गई। सिर में गहरी चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना पर आए परिजन पुलिस को सूचना दिए बगैर शव को ले गए। अन्य हादसे में झींझक रूरा मार्ग पर मंडी समिति के सामने किसी वाहन की चपेट में आकर बाइक सवार डिलौलिया निवासी चरन सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसको सीएचसी भिजवाया। डा. मुनीष कुमार ने प्राथमिक इलाज के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

झींझक-रसूलाबाद मार्ग पर हादसे के बाद पुलिस के पहुंचने से पहले ही परिजन महिला का शव उठा ले गए। अन्य दोनों शव पोस्टमार्टम को भेजकर फरार चालकों की तलाश की जा रही है। तहरीर मिलने पर मुकदमे दर्ज कर कार्रवाई होगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com