बांदा (सं. भा.) : बिजली कर्मचारी संघ की ओर से विभिन्न समस्याओं को लेकर आर-पार की लड़ाई के मूड में हैं। 21 मार्च को चित्रकूट अधीक्षण अभियंता कार्यालय के बाहर कर्मचारी एक दिवसीय कार्य बहिष्कार कर धरना देंगे। इसके बावजूद यदि मांगों पर अमल नहीं हुआ तो 24 मार्च से चारों जिलों के कर्मचारी अनिश्चितकालीन बहिष्कार करेंगे।
बिजली कर्मचारी संघ के मीडिया प्रभारी कमाल अहमद ने बताया विभिन्न मांगों को लेकर कर्मचारी आंदोलित हैं। कई बार धरना प्रदर्शन के माध्यम से विद्युत अधिकारियों तक आवाज बुलंद कर चुके हैं। 19 फरवरी को कार्य बहिष्कार कर धरने के दौरान मुख्य अभियंता से वार्ता हुई। जिस पर आश्वासन दिया गया कि पूरे जोन में किसी भी संविदा कर्मी को हटाया नहीं जाएगा। उनके आश्वासन पर सभी कर्मचारी विभागीय गतिविधियों को अंजाम देते रहे। लेकिन अधिकारियों के स्तर पर मांगों को अमल करने पर 21 मार्च को एक दिवसीय धरना चित्रकूट एसई दफ्तर में दिया जाएगा।


