जौनपुर (सं. भा.) : ग्राम विकास इंटर कॉलेज के मैदान में रविवार को स्व.सवधूराम साहू व पूर्व प्रमुख स्व.अशोक यादव की स्मृति में वैश्य एकता परिषद द्वारा आयोजित सामूहिक विवाह में नौ जोड़ों ने एक-दूसरे को वरमाला पहनाकर सात जन्मों तक साथ निभाने की कसमें खाई। सभी जोड़ों का जयमाल के बाद पंडित अमरनाथ मिश्रा ने वैदिक रीति से मंत्रोच्चार के साथ विधिवत पाणिग्रहण कराया। संस्था द्वारा कन्या को गृहस्थी का सामान देकर विदा किया गया।
विवाह स्थल से रथ पर सवार सभी जोड़ों की एक साथ बरात निकाली गई। आगे-आगे हाथी घोड़े चल रहे थे। डीजे की धुन पर नाचते गाते आतिशबाजी करते बराती पूरे कस्बे का भ्रमण के बाद विवाह स्थल पर पहुंचे। जहां पहले से मौजूद वधू पक्ष के लोगों ने दूल्हे को तिलक लगाकर स्वागत किया। उसके बाद बरातियों की आवभगत की गई। सभी जोड़ों के लिए बनाए गए अलग-अलग मंडप में उन्हें बिठाकर वैदिक रीति से विवाह संपन्न कराया गया। संस्था के द्वारा सभी नव वधुओं को बेड, बिस्तर, बर्तन, गहने आदि गृहस्थी का सामान देकर विदा किया गया। विदाई की बेला में जहां वधू पक्ष की आंखें छलक पड़ी, वहीं वर पक्ष के लोगों में खुशी छाई रही।
मुख्य अतिथि प्रतापगढ़ सांसद संगम लाल गुप्ता ने कहा कि दहेज जैसी कुरीति को रोकने में सामूहिक विवाह सबसे बेहतरीन व्यवस्था है। इसको लेकर समाज के हर वर्ग को आगे आने की जरुरत है।
इस मौके पर प्रदीप जायसवाल, कमला शंकर तिवारी, शिव कुमार गुप्ता, सुभाष गुप्ता, दिनेश गुप्ता, सुनील, विजय यादव, मोतीलाल गुप्ता, प्रधान अखिलेश बिद आदि मौजूद रहे। अध्यक्षता मदन लाल साहू व संचालन आयोजक महेंद्र साहू ने किया। इन्होंने इनको पहनाई वरमाला :-
सामूहिक विवाह में विशाल ने दामिनी को, दिलीप गुप्ता ने सोनाली को, प्रदीप गौतम ने नीलम को, सुरेश गौतम ने निर्मला को, दिलीप ने राधिका को, उमाकांत ने गुलाबी देवी को, राकेश ने खुशबू को, कुलदीप ने ललिता को तथा राहुल ने गुंजन को वरमाला पहनाकर जन्म जन्मांतर तक एक-दूसरे का साथ निभाने की कसमें खाई।


