मुंबई (सं. भा.) : अंधेरी स्थित गोखले ब्रिज हादसे के बाद मुंबई रेलवे की सीमा में ट्रैक पर से गुजरने वाले सभी पुलों की जांच प्रक्रिया जारी है। इसी कड़ी में रविवार को मध्य रेलवे के अधिकारियों सहित आईआईटी की टीम ने आठ पुलों का निरीक्षण किया। इनमें से करी रोड, चिंचपोकली, टाटा पावर केबल ब्रिज, एस ब्रिज, भायखला फ्लाइओवर ब्रिज, ऑलिवेंट फ्लाइओवर ब्रिज, रेड रोड फ्लाइओवर ब्रिज और चुनाभट्टी फ्लाइओवर ब्रिज है, जिनके निरीक्षण रविवार को किया गया। इन ब्रिज की रिपोर्ट जल्दी ही सौंपी जाएगी, जिसके आधार पर ब्रिज के भविष्य का निर्णय लिया जाएगा।
मुंबई के 445 ब्रिज का निरीक्षण रेलवे, मनपा और आईआईटी की संयुक्त टीम कर रही है। मध्य और पश्चिम रेलवे पर इन टीमों द्वारा निरीक्षण किए जा रहे हैं। आईआईटी द्वारा डिलायल रोड ब्रिज को खतरनाक बताने के बाद उसे बंद कर दिया गया है। मध्य रेलवे पर आठ पुलों के निरीक्षण की शुरुआत रविवार सुबह 11:30 बजे की गई। शाम 5 बजे तक निरीक्षण का काम पूरा किया गया। आठ में से 6 ब्रिज का निरीक्षण रेलवे ट्रैक पर टावर वैगन के जरिए किया, जबकि दो पुलों का निरीक्षण बाहर से किया गया।


