spot_img
Homeमहाराष्ट्रगणेशोत्सव में गांव जाने की राह आसान, 92 बसों से कोकण रवाना...

गणेशोत्सव में गांव जाने की राह आसान, 92 बसों से कोकण रवाना हुए श्रद्धालु

मुंबई (सं.भा.) गणेशोत्सव के दौरान कोकण जाने वाले श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए बोरीवली विधानसभा क्षेत्र में विशेष बस सेवा शुरू की गई। विधायक संजय उपाध्याय की पहल पर 92 बसों की व्यवस्था की गई, जिन्हें हरी झंडी दिखाकर कोकण के विभिन्न गांवों के लिए रवाना किया गया।

गणेशोत्सव में हर साल मुंबई से कोकण जाने वाले यात्रियों की संख्या बढ़ जाती है। रेलवे और नियमित बस सेवाओं पर दबाव बढ़ने से आरक्षण नहीं मिलने तथा निजी वाहनों से अधिक खर्च होने जैसी समस्याएं सामने आती हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए बोरीवली क्षेत्र के गणेश भक्तों के लिए विशेष बसों की व्यवस्था की गई। बसों के रवाना होने के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

इसी बीच कोकण जाने वाले गणेश भक्तों के लिए ‘मोदी एक्सप्रेस’ भी सेवा में जुटी है। कैबिनेट मंत्री नितेश राणे की पहल पर दूसरी विशेष ट्रेन दादर रेलवे स्टेशन से कोकण के लिए रवाना की गई। मंत्री नितेश राणे ने हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को रवाना किया। इससे पहले 11 सितंबर को पहली ‘मोदी एक्सप्रेस’ कोकण के लिए रवाना हुई थी।

गणेशोत्सव के दौरान पिछले 14 वर्षों से कोकणवासियों के लिए यह विशेष रेल सेवा उपलब्ध कराई जा रही है। रेलवे आरक्षण को लेकर होने वाली परेशानी और निजी वाहनों के बढ़ते किराए के बीच मुफ्त यात्रा तथा आरक्षित सीटों की सुविधा यात्रियों के लिए राहत का कारण बनी हुई है। ट्रेन के रवाना होने के दौरान स्टेशन परिसर ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयघोष से गूंज उठा। यात्रियों ने लगातार विशेष रेल सेवा उपलब्ध कराने के लिए मंत्री नितेश राणे का आभार जताया।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com