मुंबई (सं. भा.) दहिसर से भायंदर के बीच सफर को आसान और तेज बनाने वाली कोस्टल रोड परियोजना ने अब रफ्तार पकड़ ली है।बृहन्मुंबई महानगरपालिका ने दहिसर-भायंदर मार्ग को दिसंबर 2028 तक पूरा करने का लक्ष्य तय किया है।परियोजना के अंतिम पैकेज के तहत एलिवेटेड रोड का निर्माण तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है।अक्टूबर के दूसरे सप्ताह से गर्डर लॉन्चिंग शुरू होने के साथ निर्माण कार्य में और तेजी आने की उम्मीद है।
बृहन्मुंबई महानगरपालिका के अतिरिक्त आयुक्त (परियोजना) अभिजीत बांगर ने भायंदर इंटरचेंज स्थल का दौरा कर निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को परियोजना से जुड़े कार्यों में तेजी लाने और निर्धारित समयसीमा के भीतर काम पूरा करने के निर्देश दिए।
वर्सोवा से भायंदर तक प्रस्तावित कोस्टल रोड करीब 60 किलोमीटर लंबा है, जिसे सात पैकेज में विकसित किया जा रहा है। दहिसर-भायंदर जोड़ मार्ग इसका सातवां और अंतिम पैकेज है। इसकी लंबाई 5.135 किलोमीटर है। परियोजना के तहत 3.83 किलोमीटर लंबा और 45 मीटर चौड़ा मुख्य एलिवेटेड मार्ग तैयार किया जाएगा।
इस मार्ग के निर्माण से दहिसर पश्चिम और भायंदर पश्चिम के बीच सड़क संपर्क बेहतर होने के साथ दोनों क्षेत्रों के बीच आवागमन अधिक सुगम होने की उम्मीद है। कोस्टल रोड का यह हिस्सा मुंबई और मीरा-भायंदर के बीच कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
बांगर ने बताया कि अक्टूबर के दूसरे सप्ताह से गर्डर लॉन्चिंग का काम शुरू किया जाएगा। इसके तहत एलिवेटेड रोड के विभिन्न हिस्सों को जोड़ने का कार्य किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को भूमि-अधिग्रहण की प्रक्रिया में तेजी लाने तथा मीरा-भायंदर महानगरपालिका सहित संबंधित प्राधिकरणों के साथ समन्वय कर आवश्यक कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त (बुनियादी ढांचा) गिरीश निकम, उप-प्रमुख अभियंता (कोस्टल रोड-उत्तर) वैभव गांधी तथा परियोजना से जुड़े सलाहकार मौजूद रहे।


