नवाबगंज (सं. भा.) : लखनऊ कानपुर हाईवे पर शुक्रवार रात करीब साढे़ नौ बजे टोल प्लाजा पर वाहन सवार और टोल कर्मियों के बीच जमकर मारपीट हुई। इसमें कुछ लोगों को आंशिक चोटें भी आईं हैं। हालांकि बाद में दोनों पक्षों में समझौता हो गया और मामला पुलिस के पास पहुंचने से पहले ही निपट गया। मारपीट के शिकार कार चालक कानपुर निवासी हैं और उसने अप व डाउन दोनों तरफ के लिए 24 घंटे की यात्रा का टोल अदा कर रखा था। लेकिन तय समय में डेढ़ घंटे अधिक हो जाने पर पुन: टोल टैक्स मांगने को लेकर विवाद होने की बात सामने आई है।
कानपुर निवासी भरत जुबेर अपनी सेंट्रो कार से शुक्रवार रात करीब साढ़े नौ बजे टोल प्लाजा की लेन नंबर नौ पर पहुंचे। जहां गाड़ी के रुकते ही उन्होंने गुरुवार शाम कानपुर से लखनऊ जाते वक्त अप डाउन जर्नी के लिए अदा किए गए टोल की पर्ची दिखाई। पर्ची को देखने के बाद टोल कर्मी ने उनसे पर्ची 24 घंटे तक ही वैध होना बताते हुए कहाकि वह डेढ़ घंटे देर से पहुंचे इसलिए पर्ची मान्य नहीं होगी। भरत को टोल देने से इंकार करने पर शुरू विवाद बढ़ने पर टोल प्लाजा कर्मियों ने उसके साथ हाथापाई कर दी। यह देखकर पीछे मौजूद दूसरे वाहनों पर सवार लोग वहां पहुंच गए और भरत का पक्ष लेने लगे। इस पर दोनों पक्षों के बीच जवाबी मारपीट शुरू हो गई। कुछ देर मारपीट के बाद टोल के अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामला शांत कराया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच वहीं पर समझौता हो गया। भरत और टोल दोनों ही तरफ से पुलिस को सूचना दिए बिना ही मामला वहीं पर निपटा दिया गया। जबकि मामले की सूचना पर अजगैन थानाध्यक्ष राजेंद्र कांत शुक्ला मौके पर पहुंचे लेकिन तब तक वहां सब कुछ खत्म हो चुका था।


