हथगाम (सं. भा.) : थानाक्षेत्र के पट्टीशाह गांव में कोयला भट्ठी की निगरानी के लिए घर से निकले 55 वर्षीय अधेड़ की बीती रात संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मृतक के पुत्र की हत्या की आशंका पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है।
पट्टीशाह गांव निवासी अजमुलहुदा (55) के पास कोयला भट्ठी का लाइसेंस है। शनिवार रात वह घर से खाना खाकर भट्टी के लिए निकले थे। बताते हैं वहीं पर एक झोपड़ी बनाकर वह रात्रि में रुकते थे। रविवार सुबह
नित्य क्रिया के लिए निकले ग्रामीणों ने उक्त अधेड़ को कोयला भट्ठी के पास मृत पड़ा देखा तो हड़कंप मच गया। कुछ देर बाद ही मृतक के परिजन मौके पर आ गए। शव की अवस्था तथा अस्त-व्यस्त कपड़ों की वजह से परिजनों ने मौत पर आशंका जाहिर करते हुए पुलिस को सूचना दी। कुछ देर बाद ही थानाध्यक्ष विनोद कुमार सिंह मय फोर्स मौके पर पहुंच गए। एसओ का कहना था प्रथम ²ष्ट्या हार्ट अटैक से मृत्यु होना प्रतीत हो रहा है। मृतक के पुत्र कमरुल उर्फ पम्मी की सूचना पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है। रिपोर्ट मिलने के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।


