मुंबई (सं. भा.)। नगरसेवकों को उनके वार्ड में विकास कार्य के लिए एक करोड़ रुपए की विकास निधि मिलेगी, बेस्ट को आर्थिक संकट से उबारने के लिए किसी तरह कि निधि नहीं उपलब्ध करायी गयी है स्थायी समिति ने प्रशासन की तरफ से पेश किये गए बजट को मंजूरी दे दी है। मनपा आयुक्त अजोय मेहता ने दो फरवरी को २७ हजार २५८ करोड़ रुपए का बजट स्थायी समिति में पेश किया था। बजट में ५५० करोड़ रुपए की निधि में बदलाव किया गया है। जिससे प्रत्येक नगरसेवक को एक-एक करोड़ रुपए मिलने का रास्ता साफ हो गया है।
बेस्ट को नहीं मिली आर्थिक सहायता
आयुक्त की तरफ से पेश किये बजट पर स्थायी समिति में लगातार दो सप्ताह तक चर्चा हुई। जिसके तहत नगरसेवकों ने वार्ड के विकास एवं आधारभूत ढांचे के विकास को लेकर उपाय सुझाए। नगरसेवकों को विकास निधि देने के लिए ही मनपा आयुक्त अजोय मेहता के प्रस्तुत बजट में फेरबदल किया गया है।
५५० करोड़ की निधि में फेरबदल
नगरसेवकों को ४० लाख रुपए वार्ड के विकास कार्य के लिए मिलता हैं जबकि ६० लाख रुपए का प्रयोजन आयुक्त के प्रस्तुत किए गए बजट में फेरबदल कर नगरसेवकों को दिया जाता है। मनपा के कुल चुनकर आए २२७ नगरसेवकों सहित ५ मनोनीत नगरसेवकों को भी विकास निधि दी जाती हैं। इस तरह २३२ करोड़ रुपए नगरसेवकों को विकास निधि के अलावा स्थायी समिति के सदस्यों और मनपा में विभिन्न पार्टियों को उनकी संख्या के आधार पर अतिरिक्त निधि उपलब्ध करायी जाएगी।
स्थायी समिति ने दी मनपा बजट को मंजूरी
मनपा की स्थायी समिति की हरी झंडी मिलने के बाद वर्ष २०१८-१९ के बजट को आगामी ३ मार्च को मनपा सदन में पेश किया जाएगा। मनपा सदन की मंजूरी के बाद बजट के अनुरुप काम किया जाएगा।
मिलेगी बेस्ट को निधि
मनपा में विपक्ष के नेता रवि राजा ने बताया कि बेस्ट को आर्थिक तंगी से उबारने को लेकर मनपा आयुक्त ने आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है इस संदर्भ में गुट नेताओंने आयुक्त के साथ चर्चा की थी। अदालत में विचाराधीन मामले के निस्तारण के बाद बेस्ट को जरुरत के अनुरुप आर्थिक सहायता उपलब्ध करायी जाएगी।


