- मुसलामानों में बढ़ रही है राज्य सरकार के खिलाफ नाराजगी
मुंबई (सं. भा.) अफवाहों का कोई सिर – पैर नहीं होता। ऐसा ही एक अफवाह राज्य भर के मदरसों का सर्वे कराए जाने का इन दिनों फैला है। इस अफवाह के कारण राज्य सरकार के खिलाफ मुसलामानों में नाराजगी फैल रही है।
बहरहाल महाराष्ट्र सरकार ने राज्य की मस्जिदों और मदरसों के सर्वे कराने की योजना नहीं बनाई है केवल आर्थिक स्थिति की सर्वे कराने की योजना बनाई थी वो भी खटाई में पड़ गई है, बावजूद इसके मुंबई के मुस्लिम इलाकों में मस्जिदों और मदरसों के सर्वे कराए जाने की अफवाह गर्म है। इससे लोगों में डर का माहौल तो है ही साथ ही सरकार के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है।
मनसे ने कार्रवाई करने सरकार को दी है चेतावनीः मालूम हो कि राज्य सरकार मुसलमानों के सर्वेक्षण कराने की योजना बना रही है, जिसकी जिम्मेदारी टाटा इंस्टीट्यूट ऑफ सोशल साइंस को दी जाएगी। सर्वेक्षण में मुसलमानों की आर्थिक, स्वास्थ्य, रोजगार, आवास और ऋण के साथ- साथ उनके बुनियादी ढांचे को चिन्हित करना है, इसके पहले भी मुसलमानों के सर्वेक्षण किए जाए लेकिन उस पर अमल नहीं किया जा सका, मामला ठंडे बस्ते में पड़ गया। दूसरी तरफ -महाराष्ट्र नव निर्माण सेना ने उत्तर प्रदेश की तर्ज पर राज्य के मदरसों, मस्जिदों के सर्वे कराने और अवैध मदरसों पर कार्रवाई करने की मांग राज्य सरकार से की। साथ ही चेतावनी भी दी कि अगर सरकार कार्रवाई नहीं करेगी तो मनसे अपने स्तर पर अवैध मदरसों पर कार्रवाई करेगी। उत्तर प्रदेश में मस्जिदों और मदरसों के सर्वे का भूत यहां भी नजर आने लगा है। मुंबई के मदरसा संचालकों पर मौलाना लोगों में खौफ के साथ नाराजगी बढ़ती जा रही है।
हमारे मदरसे रजिस्टर्ड हैं : मौलाना तौफिक

सुन्नी जिलानी मस्जिद व मदरसा (गोवंडी) के नाजिम मौलाना तौफिक रजा ने बताया कि मुंबई के ज्यादातर मदरसे सरकार से रजिस्टर्ड हैं, सरकार के सर्वे के जो भी प्रश्न हैं उनके बकायदा दस्तावेज हैं, रही बात फंडिंग की तो वो भी जायज तरीके से हो रहा है। कोई भी अवैध काम मदरसों में नहीं हो रहा, अगर सरकार चाहती है तो हम हमेशा तैयार रहते हैं..
धारावी में कोई सर्वे नहीं : रज्जब अली
धारावी के मदीना मस्जिद और मदरसे के मौलाना रज्जब अली का कहना है कि इस तरह को बातें सुनने में आ रही हैं कि मदरसों मस्जिदों का सर्वे शुरू किया गया है इसमें कितनी सच्चाई है पता नहीं, लेकिन अभी तक धारावी में सर्वे के लिए कोई नहीं आया।
हर काम कानून के दायरे में : तैयब
वडाला अनटॉप हिल के यूनाइटेड मस्जिद व मदरसा के महासचिव तैयब दरवेश ने माना कि उनके मदरसे, मस्जिद के मौलाना से आधार कार्ड, नाम, पता, गांव का नाम, मदरसा रजिस्ट्रेशन नंबर पूछा गया, जिसका जवाब दिया गया, क्योंकि यहां हर काम कानून के दायरे में किया जाता है, मदरसा 1963 से रजिस्टर्ड है।
अफवाहें गर्म
बहरहाल मदरसों और मस्जिदों के सर्वे कराए जाने की अफवाह मुस्लिम इलाकों में गर्म है, लोग इसके लिए जरूरी कागजात समेट कर तैयार रख रहे हैं जिससे अगर सर्वे करने आते हैं तो अफरा-तफरी ना हो और कागजात दिखा सकें।


