मुंबई (सं. भा.) : मुंबई उपनगरों की सड़कों को एलईडी लाइट से रोशन करने की जिम्मेदारी अडानी इलेक्ट्रिसिटी को दी गई है। इस कार्य के लिए बीएमसी अडानी इलेक्ट्रिसिटी को 42 करोड़ रुपए देने का निर्णय लिया है। मुंबई की सड़कों पर लगाए गए स्ट्रीट लाइट का रखरखाव करने, पुराने सोडियम वेपर बल्ब की जगह एलईडी बल्ब लगा कर रोशन करने का ठेका बीएमसी ने 3 कंपनियों को दिया है। मुंबई शहर में स्ट्रीट लाइट की जिम्मेदारी बेस्ट उपक्रम, पश्चिम, पूर्व उपनगर में गांधी नगर जंक्शन तक अडानी इलेक्ट्रिसिटी और मेसर्स रिलायंस एनर्जी को तथा गांधी जंक्शन से मुलुंड चेक नाका तक और पूर्व उपनगर के बचे हुए हिस्से में महाराष्ट्र राज्य विद्युत वितरण कंपनी को ठेका दिया गया है। मेसर्स अडानी इलेक्ट्रिसिटी को स्ट्रीट लाइट लगाने का ठेका बीएमसी की स्थायी समिति ने वर्ष 2018 में दिया था।

बीएमसी कमिश्नर के पास प्रस्ताव
■ सड़कों पर लगे पुराने सोडियम वेपर बल्ब की जगह एलईडी बल्ब लगाने, रखरखाव करने का कार्य भी शामिल था।
■ अडानी इलेक्ट्रिसिटी को अब तक 13 करोड़ 10 लाख 98 हजार रुपए का भुगतान किया गया है।
■ इसमें कबाड़ में बेचे गए बल्बों से बीएमसी को 1 करोड़ 42 लाख 71 हजार रुपए प्राप्त हुए हैं।
बची हुई राशि का भुगतान करने का प्रस्ताव बीएमसी कमिश्नर इकबाल सिंह चहल के पास भेजा गया है।


