मुंबई (सं. भा.) : कचरे के डब्बे खरीदने के लिए मनपा 10 करोड़ से अधिक रुपए खर्च करेगी। लोहे के बने यह कचरे के डब्बे मनपा के सभी 24 वार्डों में जरुरत के अनुसार रखे जाएंगे।
बता दें कि एक तरफ बीएमसी मुंबई में सौंदर्यीकरण पर 1750 करोड़ रुपये खर्च कर रही है। दूसरी तरफ बीएमसी कचरा रखने और उठाने के लिए लोहे के लिए 1600 लोहे के डिब्बे खरीदेगी। बीएमसी के 24 वॉर्डों में ये डिब्बे रखे जाएंगे।
बीएमसी के एक अधिकारी ने बताया कि मुंबई में दो बार कचरा उठाए जाते हैं, जिन्हें गाड़ियों के माध्यम से डंपिंग ग्राउंड में फेंका जाता है। इसके बावजूद लगभग हर वॉर्ड में विभिन्न स्थानों पर कचरे पड़े रहते हैं। इनमें सब्जी मंडी, बाजार और उसके आसपास के परिसर शामिल हैं। यहां दो बार कचरा उठाया जाता है। लेकिन जब तक गाड़ियां नहीं जातीं तब तक लोग कचरा इधर-उधर फेंकते रहते हैं। इस समस्या के समाधान के लिए 1.1 घन मीटर के लोहे के डिब्बे वॉड की आवश्यकता के अनुसार उपलब्ध कराए जायेंगे।

वॉडों को उपलब्ध कराए गए डिब्बे बड़े पैमाने पर खराब हो गए हैं, इसलिए 1600 नए डिब्बे खरीदने का फैसला किया गया है। इसके लिए 10.17 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। एक डिब्बा 63 हजार रुपये का आएगा। यह काफी मजबूत लोहे के डिब्बे होंगे इसके चोरी होने की आशंका कम है और इसकी बनावट ऐसी होगी कि इसमें से कचरे बाहर काफी कम गिरेंगे।


