- मानसून बाद 13,200 करोड़ का प्रोजेक्ट होगा शुरू
मुंबई (सं. भा.) मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे का ड्रीम प्रोजेक्ट कही जाने वाले बोरीवली- ठाणे टनल रोड प्रोजेक्ट की शुरुआत जल्द हो सकती है। यदि सबकुछ ठीक ठाक रहा तो मानसून बाद यह परियोजना शुरू हो जाएगी राज्य के सबसे लंबे टनल रोड के लिए एमएमआरडीए ने निविदा जारी कर दी है। इस प्रोजेक्ट के लिए 2 कंपनियां मैदान में हैं। बताया गया कि लार्सन एंड टुब्रो (एलएंडटी) और मेघा इंजीनियरिंग एंड इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड (एमईआईएल) 11.84 किमी ठाणे-बोरीवली जुड़वां सुरंग परियोजना के निर्माण के लिए टेंडर भरा है। उल्लेखनीय है कि ठाणे- बोरीवली के बीच संजय गांधी राष्ट्रीय उद्यान के नीचे से गुजरने वाले भूमिगत मार्ग को राष्ट्रीय वन्यजीव बोर्ड से मंजूरी मिल गई है, इसके अलावा पर्यावरण से संबंधित मंजूरी के नियमों में ढील दी गई है।

23 मीटर नीचे सुरंगः जमीन सतह के नीचे 23 मीटर की अधिकतम गहराई पर 4 मेगा टनल बोरिंग मशीनों (टीबीएम) का उपयोग करके प्रत्येक 3 लेन वाली सुरंगों का निर्माण किया जाएगा। मुंबई के पश्चिमी उपनगर बोरीवली में मगाठाणे के एकता नगर और ठाणे में मानपाड़ा स्थित टिकुजी- नी-वाडी को सुरंग रोड के माध्यम से जोड़ा जाएगा। इस टनल रोड परियोजना के लिए लगभग 57 हेक्टेयर वन भूमि क आवश्यकता है। इसके लिए औरंगाबा जिले के फुलुमरी के उमरावती में 60 हेक्टेयर भूमि इस परियोजना से प्रभावित वन भूमि के बदले वैकल्पिक वनरोपण के लिए वन विभाग को दी गई है.. 13,200 करोड़ की इस प्रोजेक्ट के तहत 2 पैकेज में निर्माण होगा। एमएमआरडीए के अनुसार पैकेज 1 में बोरीवली की तरफ 5.75 किमी लंबी जुड़वां ट्यूब रोड सुरंग का डिजाइन और निर्माण एवं पैकेज 2 में ठाणे की तरफ 6.09 किमी लंबी जुड़वां ट्यूब रोड सुरंग का डिजाइन और निर्माण किया जाएगा। इसके अलावा दोनों सिरों पर 1 किमी की सड़के बनेंगी।


