मुंबई (सं. भा.) मध्यप्रदेश के पर्यटन मंत्रालय ने मुंबई के बच्चों को अपने दर्शनीय स्थलों से जोड़ने के लिए किडजानिया के साथ करार किया है। इस करार के बाद अब मुंबई के किडज़ानिया में बच्चे खेल-खेल में मध्यप्रदेश पर्यटन से जुड़ेंगे। वर्चुअल और ऑगमेंटेड रियलिटी जैसी नवीनतम तकनीक से बच्चे प्रदेश की विरासत, संस्कृति, वन्य जीवन और रोमांच का अनुभव करेंगे, मध्यप्रदेश पहला राज्य है, जो मुख्यतः बच्चों को आकर्षित करने के उद्देश्य से मुंबई और दिल्ली में किडज़ानिया मॉल में एमपी टूरिज्म एक्सपीरियंस सेंटर शुरू करने जा रहा है। राज्य के प्रमुख सचिव (पर्यटन एवं संस्कृति) और एमपी टूरिज्म बोर्ड के प्रबंध संचालक शिव शेखर शुक्ला ने कहा कि एमपी के दर्शनीय पर्यटन स्थलों से वर्तमान पीढ़ी का हमेशा से जुड़ाव रहा है। अब किडज़ानिया के साथ विशेष साझेदारी के तहत एमपी टूरिज्म एक्सपीरियंस सेंटर की स्थापना की जा रही है, जिसमें 3डी, वर्चुअल रियलिटी, ट्रेजर हंट जैसे मनोरंजक व आकर्षक तरीके से बच्चों को प्रदेश के पर्यटन स्थलों के बारे में बताया जाएगा। बच्चे न सिर्फ अपने परिवार के साथ प्रदेश की यात्रा पर आने के लिए आकर्षित होंगे बल्कि जीवन पर्यन्त मध्यप्रदेश पर्यटन से जुड़े रहेंगे।


