मुंबई (सं. भा.) : लोकसभा चुनाव में महाराष्ट्र विकास अघाड़ी से जुड़ी तीनों पार्टियां कांग्रेस, शिवसेना (यूबीटी) और एनसीपी (शरद पवार) ने अच्छा प्रदर्शन किया है। नतीजे आने के बाद उद्धव ठाकरे से मिलने कांग्रेस नेता मातोश्री पहुंचे। महाराष्ट्र कांग्रेस प्रभारी एस. चेन्निथला ने मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष व नवनिर्वाचित सांसद वर्षा गायकवाड, विधानसभा में विरोधी पक्ष नेता विजय वडेट्टीवार, विधायक असलम शेख, सुनील केदार सहित अन्य नेताओं ने उनसे मुलाकात की। यह मुलाकात बहुत ही आत्मीय रही, जिसमें सभी हंसते-मुस्कुराते नज़र आए। इससे पहले गुरुवार को टीएमसी नेता डेरेक ओ’ब्रायन और अभिषेक बनर्जी मातोश्री पहुंचे थे। दोनों की बीच मुलाकात के दौरान चर्चा भी हुई। चुनाव के नतीजे के बाद इंडिया गठबंधन की बैठक बुलाई गई थी, जिसमें उद्धव ठाकरे नहीं पहुंचे, लेकिन उनकी तरफ से पार्टी के प्रवक्ता संजय राउत बैठक में शामिल हुए थे।



