- सभी 24 वॉर्ड ऑफिसर को दिया निर्देश
- बारिश में कचरा उठाने के लिए बढ़ाई जाएं फेरियां
मुंबई (सं. भा.) कचरा उठाए जाने को लेकर लगातार मिल रही शिकायत के बाद मनपा आयुक्त भूषण गगरानी ने गरजते हुए मनपा के सभी 24 वार्ड ऑफिसरों को निर्देश दिया है कि बारिश के दौरान मुंबई में कचरा उठाने के लिए फेरियां बढ़ाई जाएं। यह फैसला इसलिए लिया गया, क्योकि लोगों की शिकायत रहती है कि दोपहर में कचरा इधर-उधर सड़कों पर फैलता है। आयुक्त ने कहा कि वॉर्ड ऑफिसर अपने यहां कचरा उठाने के लिए मैन पावर की व्यवस्था कर लें, जिससे कि बारिश के दौरान अतिरिक्त फेरियां शुरू की जा सकें। मुंबई में अभी प्रतिदिन करीब 6500 मीट्रिक टन कचरा पैदा होता है, जिसे बीएमसी गाड़ियों के जरिए देवनार और कांजुर मार्ग डंपिंग ग्राउंड में फेंकती है।
बीएमसी के एक अधिकारी ने बताया कि बारिश के दौरान अक्सर कचरे को लेकर शिकायतें रहती हैं। क्योकि बारिश की वजह से कभी-कभी कचरा समय पर नहीं उठाया जाता। इस वजह से जानवर और पक्षी कचरे को फैला देते हैं। वहीं शिफ्ट खत्म होने के बाद कर्मचारी चले जाते हैं। इस समस्या के समाधान के लिए सभी वॉर्ड ऑफिसर को कचरा गाड़ियों की फेरियां बढ़ाने और वर्कर की कमी दूर करने को कहा गया है, जिससे समय पर कचरा उठाया जा सके। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की पहल पर बीएमसी ने मुख्यमंत्री स्वच्छ मुंबई वॉट्सऐप हेल्पलाइन शुरू की। इसके जरिए बड़े पैमाने पर मुंबईकरों ने कचरे को लेकर सुझाव और शिकायतें भेजी, जिन पर तेजी से ऐक्शन की बात बीएमसी ने कही है। लोग हेल्पलाइन नंबर 8169681697 पर शिकायतें कर रहे हैं। अगर फोटो व स्थान की जानकारी भेजते हैं तो तत्काल समाधान किया जाएगा। कचरे की शिकायत के लिए वॉट्सऐप चैटबॉट नंबर के बाद मोबाइल ऐप भी बना रहे हैं। इसके जरिए मुंबई में कचरा उठाया जा रहा है या नहीं, इस पर नजर रखी जाएगी। बीएमसी अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि मुंबई में साफ़-सफाई रहे और समय पर हर जगह का कचरा उठाया जाए, इसके लिए व्यापक योजना तैयार की जाए।

बारिश में गंदगी के चलते कई बीमारियों के फैलने का डर बना रहता है। मॉनसून जनित बीमारियों के खतरे की आशंका के चलते बीएमसी ने इस बार स्वच्छता को लेकर विशेष मुहिम चलाने का फैसला किया है। इसी क्रम में, जगह- जगह पड़े रहने वाले कचरे के ढेर से निजात दिलाने के लिए अतिरिक्त व्यवस्था करने को कहा गया है। दरअसल, तमाम प्रयासों के बावजूद स्वच्छ मुंबई की मुहिम को लेकर अक्सर शिकायतें आती रहती है। इसीलिए, बीएमसी के नए कमिश्नर ने कचरे की समस्या को कड़ाई से हल करने के लिए कदम बढ़ाए है।


