- दो गिरफ्तार
मुंबई (सं. भा.) अक्सर पहले ऐसी खबरें आती थी कि गुजरात से ट्रेन द्वारा शराब की तस्करी कर मुंबई आई जाती है। इन दिनों मुंबई से शराब की तस्करी की जा रही है। मुंबई से गुजरात हो कर दिल्ली या आगे जाने वाली ट्रेनों से शराब की तस्करी की जा रही है। ऐसे ही एक मामले में बांद्रा टर्मिनस से जम्मूतवी जानेवाली विवेक एक्सप्रेस में शराब तस्करी का मामला सामने आया है। रेलवे के विजिलेंस विभाग ने कार्रवाई कर ट्रेन संख्या 19027 बांद्रा टर्मिनस- जम्मूतवी विवेक एक्सप्रेस से 260 बोतल शराब बरामद किया है। इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। जांच में यह जानकारी सामने आई है कि दोनों आरोपी मुंबई से शराब ले जाकर सूरत के होटलों में देते थे। पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सुमित ठाकुर ने बताया कि पिछले एक महीने से फॉलोअप कार्रवाई की जा रही थी। इसी आधार पर विजिलेंस टीम ने रविवार को धरपकड़ की। टीम ने गुप्त अभियान चलाकर ट्रेन संख्या 19027 बांद्रा टर्मिनस-जम्मू तवी विवेक एक्सप्रेस के स्लीपर कोच (एस/3) से अवैध शराब की तस्करी में लिप्त दो लोगों को शराब के साथ गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान दोनों ने खुलासा किया कि वे aदोनों वाहक हैं और सूरत के होटलों में आपूर्ति करने के लिए ये शराब ले जा रहे थे।


