मीरारोड (सं. भा.) शेयर मार्केट में ऑनलाइन निवेश के नाम पर शिकार हुए साइबर ठगी की 40 लाख रुपए में से 27 लाख रुपए वापस दिलाने में काशीगांव पुलिस को यश मिला है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार काशीमीरा परिसर में रहने वाले देवेंद्र कृष्णचंद साहू को शेयर मार्केट में निवेश करने पर अधिक मुनाफे का लालच देकर उनकी आर्थिक ठगी की गई थी, जिसकी शिकायत साहू ने काशीगांव पुलिस थाने में की थी। वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक राहुल कुमार पाटील के नेतृत्व में पुलिस ने उक्त शिकायत पर तत्काल संज्ञान लेते हुए शिकायतकर्ता साहू के लेनदेन के संबंध में जानकारी प्राप्त की।

अवलोकन से पता चला कि शिकायतकर्ता का पैसा अलग-अलग बैंक खातों में भेजा गया है। इसके बाद साहू के बैंक खाते से राशि की निकासी को फ्रीज करने के संबंध बैंक से कारचा कर संदिग्ध खाते की राशि को फ्रीज कर दिया गया, जिसके बाद काशीगांव पुलिस स्टेशन के अधिकारियों ने अदालत से साहू की राशि की वसूली के लिए सबूत देने के बाद साहू की ठगी की गई राशि में से 27 लाख रुपये उसके खाते में वापस आई।


