फतेहपुर (सं. भा.) । फतेहपुर जिले की पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। थाना औंग क्षेत्र में शनिवार रात पुलिस और एक कुख्यात अपराधी के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें हिस्ट्रीशीटर लल्लू सोनकर को गोली लगने के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। उसके पास से अवैध हथियार, चोरी के उपकरण और बिना नंबर की मोटरसाइकिल बरामद हुई है।
औंग पुलिस और इंटेलिजेंस विंग की संयुक्त टीम बड़ाहार तिराहे के पास चेकिंग कर रही थी। इस दौरान बिना नंबर की मोटरसाइकिल पर सवार एक संदिग्ध व्यक्ति को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन उसने तेजी से गाड़ी घुमाकर भागने की कोशिश की। पुलिस ने पीछा किया, जिससे घबराकर आरोपी ग्राम शगुनापुर के पास फिसलकर गिर पड़ा। खुद को घिरता देख उसने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई, जो उसके दाहिने पैर में लगी।
घायल आरोपी को पुलिस ने तुरंत हिरासत में लेकर सीएचसी गोपालगंज में भर्ती कराया। उसके खिलाफ उत्तर प्रदेश और अन्य जिलों में लूट, चोरी, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट, गिरोहबंदी कानून और विस्फोटक अधिनियम समेत 18 से ज्यादा मामले दर्ज हैं। उस पर फतेहपुर, कानपुर, कौशांबी, उन्नाव और रायबरेली जिलों में विभिन्न धाराओं के तहत गंभीर मुकदमे लंबित हैं।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना औंग में मामला दर्ज कर लिया है। उस पर धारा 109/317(2) बीएनएस व 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।


