किसी भी अखबार के लिए समाज में जगह बनाना आसान नहीं होता खासकर साप्ताहिक अखबारों के लिए यह और भी चुनौती पूर्ण होता है, लेकिन साप्ताहिक अखबार संगठन भारत ने 14 साल के अपने सफ़र में यह साबित कर दिया है। इसलिए कहा जा सकता है कि 14 साल, बेमिसाल। वर्तमान दौर में छोटे अखबारों के लिए डेढ़ दशक का सफर तय करना बहुत ही कठिन और चुनौती पूर्ण होता है। सीमित संसाधनों के बावजूद भी पाठकों की जरूरत को समझते हुए उन्हें निष्पक्ष समाचारों से अवगत कराना साथ ही राजनीतिक दलों के कामों को जनता तक पहुंचाना किसी भी अखबार की सबसे बड़ी जिम्मेदारी होती है । इसमें ईमानदारी से कोशिश करनी होती है कि किसी के साथ कोई भी भेदभाव ना हो, यह चुनौती संगठन भारत ने पूरी ईमानदारी से स्वीकार करते हुए निभाई है । अपनी खबरों में सभी दलों के नेताओं की खबरों को जगह देना, सामाजिक समस्याओं को उठाते रहना, एक मिशन की तरह आज तक जारी रखा है। इसमें पाठकों के साथ विज्ञापन दाताओं, लेखकों और शुभचिंतकों का बहुत बड़ा योगदान है। इसके ही बल पर अखबार ने आज 14 साल का सफर सफलतापूर्वक तय किया है। मैं संगठन भारत अखबार, इसके मालिक, संपादक के साथ पूरी टीम को बधाई देता हूं और उम्मीद करता हूं कि यह सफर इसी तरह आगे भी जारी रहेगा।
भानु प्रकाश मिश्र
वरिष्ठ पत्रकार


