फुटपाथ बचाने रखे बाउंसर
मुंबई (सं. भा.) कांदिवली पश्चिम स्थित पंचशील हाईट्स सोसायटी ने सोसायटी के सामने फेरीवालों का अतिक्रमण रोकने के लिए बाउंसर रखे हैं। इस सोसायटी ने एजेंसी से 10 बाउंसर हायर किए हैं। इसके लिए सोसायटी हर दिन 10 हजार रुपए का भुगतान कर रही है। सोसायटी के अध्यक्ष सचिन सरदेसाई ने बताया कि लगातार शिकायतों के बाद भी मनपा द्वारा कोई कदम नहीं उठाने के कारण निजी बाउंसर रखने पड़े हैं। फुटपाथ को अतिक्रमण से बचाने के लिए 15 दिन तक बाउंसर रखे गए हैं। हम इंतजार करके देखेंगे कि फुटपाथ मुक्त रहता है या नहीं। उसके बाद अगला निर्णय लेंगे।

मुंबई महानगरपालिका की फेरीवाला नीति पर ढिलाई बरतने और अवैध फेरीवालों पर कार्रवाई नहीं करने के कारण लोगों का मनपा से भरोसा उठता जा रहा है। वहीं इस मामले में जनसेवक गोपाल शेट्टी ने कहा कि मैं इस मुद्दे को उठाया था लेकिन फिर भी अभी तक सरकार द्वारा इसका कोई समाधान नहीं निकला है। मनपा के पास व्यवस्था कम है और फेरीवालों की संख्या ज्यादा है, यही वजह है कि ट्रैफिक भी बढ़ रही है और लोगों को आने-जाने में तकलीफ होती है। सरकार को फेरीवालों के लिए कोई अलग से व्यवस्था करनी चाहिए जिससे आम जनता को भी परेशानी न हो और वाहन चालक को भी कोई परेशानी न हो।
आपको बता दें कि यह सिर्फ पंचशील हाईट्स सोसायटी के लोग ही नहीं परेशान हैं, महावीर नगर, पोईसर रोड, डी मार्ट से लेकर 1 किलोमीटर तक दोनों तरफ फुटपाथ पर धंधा लगता है। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि इसमें मनपा के फेरीवाला डिपार्टमेंट के कर्मचारी मिले हुए होते हैं और अवैध कार्रवाई करने के पहले सभी फेरीवालों को सूचना देते हैं। कांदिवली के गणेश नगर, ओल्ड लिंक रोड पर भी फेरीवालों ने फुटपाथ पर कब्जा करके रखा है। चाहे वह पूजा इनकिलो बिल्डिंग के अगल-बगल हो या फिर 90 फीट रोड, सभी जगह फुटपाथ पर फेरीवालों का कब्जा है। वहीं कांदिवली स्टेशन से लेकर हिंदुस्तान नाका तक भी खाने-पीने के स्टॉल फुटपाथ पर लग रहे हैं। अब देखना यह है कि आर साउथ विभाग के अधिकारी इस पर क्या कार्रवाई करते हैं।


