spot_img
Homeमुंबईसरहद पर तनातनी के बीच आसमान में दहाड़ेगा 'समुद्री राफेल'

सरहद पर तनातनी के बीच आसमान में दहाड़ेगा ‘समुद्री राफेल’

  • भारत का फ्रांस से मेगा डील

दिल्ली (सं. भा.) । पाकिस्तान की नापाक हरकतों के बाद सीमा पर बढ़ते तनाव के बीच, भारत ने अपनी समुद्री सुरक्षा को अभेद्य बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है। आज दिल्ली में भारत और फ्रांस के बीच लगभग 63 हजार करोड़ रुपये का एक ऐतिहासिक रक्षा सौदा हुआ। इस सौदे के तहत भारत फ्रांस से 26 अत्याधुनिक राफेल मरीन लड़ाकू विमान खरीदेगा, जो भारतीय नौसेना की ताकत को कई गुना बढ़ा देंगे।
इस महत्वपूर्ण अवसर पर भारतीय रक्षा मंत्रालय के उच्च अधिकारी और भारत में फ्रांस के राजदूत मौजूद रहे। सूत्रों की मानें तो, भारत की ओर से रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह ने इस डील पर हस्ताक्षर किया। यह हस्ताक्षर समारोह दिल्ली के साउथ ब्लॉक में आयोजित हुआ हालांकि, पहले फ्रांस के रक्षा मंत्री स्वयं आने वाले थे, लेकिन निजी कारणों से उन्होंने अपनी यात्रा स्थगित कर दी।
यह राफेल मरीन जेट विमान भारतीय नौसेना के विमानवाहक पोत आईएनएस विक्रांत पर तैनात किए जाएंगे और पहले से मौजूद मिग-29के विमानों के साथ मिलकर देश की समुद्री सीमाओं की रक्षा करेंगे। भारतीय वायुसेना पहले से ही 2016 में खरीदे गए 36 राफेल विमानों का संचालन कर रही है, जो अंबाला और हासीमारा एयरबेस पर तैनात हैं। इस नए सौदे के बाद भारत के पास राफेल विमानों की कुल संख्या 62 हो जाएगी, जिससे देश की चौथी पीढ़ी के लड़ाकू विमानों की क्षमता में एक महत्वपूर्ण वृद्धि होगी। जानकारों का मानना है कि भारतीय विमानवाहक पोतों, विशेषकर आईएनएस विक्रांत पर तैनाती के लिए 26 राफेल मरीन लड़ाकू विमानों की तत्काल आवश्यकता है।


दरअसल, भारतीय नौसेना अपने पुराने मिग-29के लड़ाकू विमानों के बेड़े को धीरे-धीरे हटाने की योजना बना रही है, क्योंकि इन विमानों के प्रदर्शन और रखरखाव से जुड़ी कुछ चुनौतियां सामने आ रही हैं। इसी क्रम में, 9 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में सुरक्षा पर कैबिनेट समिति की बैठक में 26 राफेल समुद्री लड़ाकू विमानों के इस बड़े रक्षा सौदे को मंजूरी दी गई थी। इस सौदे में 22 सिंगल-सीटर और 4 ट्विन-सीटर जेट शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, इस सौदे में विमानों के रखरखाव, आवश्यक कलपुर्जों की आपूर्ति, भारतीय नौसेना के कर्मियों के प्रशिक्षण और कुछ स्वदेशी घटकों के निर्माण के लिए भी एक व्यापक पैकेज शामिल है।
राफेल मरीन विमान की खूबियों की बात करें तो यह एक मिनट में 18 हजार मीटर की ऊंचाई तक पहुंचने में सक्षम है। सामरिक विशेषज्ञों का मानना है कि यह विमान पाकिस्तान के पास मौजूद एफ-16 और चीन के पास मौजूद जे-20 जैसे लड़ाकू विमानों से कहीं बेहतर है। यह अपनी उड़ान के स्थान से 3700 किलोमीटर तक की दूरी पर हमला कर सकता है।
इस विमान को विशेष रूप से विमानवाहक युद्धपोतों से संचालन के लिए डिज़ाइन किया गया है। यह दुश्मन के रडार को भी चकमा देने की क्षमता रखता है। राफेल मरीन विमान हिमालय जैसे अत्यधिक ठंडे क्षेत्रों में भी आसानी से उड़ान भर सकता है।
हालांकि राफेल मरीन का वजन सामान्य राफेल विमान से थोड़ा अधिक है, लगभग 10,300 किलोग्राम, लेकिन इसकी सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसके पंख पूरी तरह से मुड़ सकते हैं, जो इसे विमानवाहक पोतों पर संचालन के लिए और भी अनुकूल बनाता है, जबकि राफेल के पंख स्थिर होते हैं। यह सौदा निश्चित रूप से भारतीय नौसेना की समुद्री सुरक्षा क्षमताओं को एक नई ऊंचाई देगा और क्षेत्र में शक्ति संतुलन को भारत के पक्ष में मजबूत करेगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com